बरही (हजारीबाग): झारखंड के हजारीबाग जिले में पुलिस ने रांची के तुपुदाना से गायब शराब लदे ट्रक और उसके चालक की हत्या के मामले में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर विभिन्न स्थानों से मैकडॉवेल्स और रॉयल चैलेंज ब्रांड की कुल 726 पेटी शराब बरामद की गई है। इसके अलावा पुलिस ने एक देसी पिस्टल, एक देसी कट्टा, 20 जिंदा कारतूस और वारदात में इस्तेमाल तीन वाहनों को भी जब्त किया है।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान चतरा जिले के ईटखोरी थाना क्षेत्र अंतर्गत परसौनी गांव निवासी 34 वर्षीय रणविजय सिंह, पिता सतराजीत सिंह और हजारीबाग जिले के चौपारण थाना क्षेत्र अंतर्गत दैहर गांव निवासी 27 वर्षीय विशाल कुमार सिंह, पिता स्वर्गीय गोपाल सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपियों का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है।

इस मामले की जानकारी देते हुए बरही डीएसपी राधा प्रेम किशोर ने थाना प्रभारी पंकज कुमार की मौजूदगी में प्रेस कॉन्फ्रेंस की। उन्होंने बताया कि 11 नवंबर को हजारीबाग पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि रांची के तुपुदाना से गायब शराब लदे ट्रक के चालक की हत्या में शामिल अपराधी चौपारण-ईटखोरी मुख्य सड़क पर महाराजगंज के पास हथियार के साथ मौजूद हैं।
सूचना मिलने के बाद पुलिस ने विशेष छापेमारी दल का गठन किया। इसके बाद तुपुदाना पुलिस के सहयोग से महाराजगंज के पास वाहन जांच अभियान चलाया गया। इसी दौरान एक वैगनआर कार में सवार दोनों आरोपियों को हथियार और कारतूस के साथ गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही और पूछताछ में सामने आए तथ्यों के आधार पर चौपारण थाना कांड संख्या 285/26 और धुर्वा थाना (तुपुदाना ओपी) कांड संख्या 286/26 से जुड़े मामले में गायब शराब की बरामदगी की गई।
पुलिस का कहना है कि आरोपियों ने अपने अन्य सहयोगियों के साथ मिलकर ट्रक चालक की हत्या कर दी थी। हत्या के बाद शव को कंबल, तार और पत्थर की मदद से बांधकर चौपारण थाना क्षेत्र के दैहर पकरिया गांव स्थित एक कुएं में फेंक दिया गया था।
पुलिस ने आरोपियों के पास से एक देसी पिस्टल, एक देसी कट्टा, 20 जिंदा कारतूस और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इसके अलावा शराब की ढुलाई और घटना में इस्तेमाल वैगनआर कार, फॉर्च्यूनर तथा पिकअप वैन को भी जब्त किया गया है।
फिलहाल पुलिस इस हत्याकांड और शराब लूट मामले में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान एवं उनकी भूमिका की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।
इस कार्रवाई में बरही डीएसपी राधा प्रेम किशोर, चौपारण थाना प्रभारी पंकज कुमार, एसआई दिव्य प्रकाश, कृष्ण कुमार गुप्ता, सुरेंद्र कुमार, संतोष कुमार, हेमराज कुमार, एएसआई बादल कुमार महतो सहित पुलिस बल के कई जवान शामिल थे।


