

Hazaribagh News : हजारीबाग जिले में पशु तस्करी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। बड़कागांव पुलिस ने सिरमा पंचायत के पूर्व मुखिया मोहम्मद वाजिद अली समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में सिरमा गांव निवासी मोहम्मद आरिफ और मुकम्मल हुसैन भी शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपियों के पास से 13 मवेशियों को बरामद किया है। इसके अलावा दो मोटरसाइकिल, तीन मोबाइल फोन और 18 हजार रुपये नकद भी जब्त किए गए हैं।
बड़कागांव थाना प्रभारी दीपक कुमार सिंह के मुताबिक, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि सिरमा गांव से कुछ लोग 10 से 15 बछिया और बैलों को लेकर कदमाडीह-ढेंगा के रास्ते सुकुलखपिया की ओर जा रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने एक विशेष छापेमारी टीम गठित की।
इसके बाद पुलिस टीम बड़कागांव-बादम मुख्य मार्ग पर आईटीआई कॉलेज के पास चिरैया नदी पहुंची। पुलिस वाहन को देखते ही मवेशियों को ले जा रहे लोग भागने लगे। हालांकि, पुलिस ने घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को पकड़ लिया और मौके से 13 मवेशियों को बरामद किया।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों से मवेशियों के स्वामित्व और परिवहन से जुड़े वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वे कोई कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद तीनों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में हजारीबाग जेल भेज दिया गया।
थाना प्रभारी ने बताया कि पूर्व मुखिया मोहम्मद वाजिद अली के खिलाफ पहले भी पशु तस्करी में संलिप्तता की सूचनाएं मिलती रही थीं। पुलिस पूर्व में भी इस मामले में कार्रवाई कर चुकी थी, लेकिन वह गिरफ्तारी से बच निकलते थे। इस बार मिली पुख्ता सूचना के आधार पर छापेमारी कर उन्हें गिरफ्तार किया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी दीपक कुमार सिंह के साथ एसआई अभिषेक कुमार, रोशन कुमार और सशस्त्र पुलिस बल के जवान शामिल थे।


