Ranchi Crime News: राजधानी रांची के धुर्वा स्थित जेपी मार्केट में मंगलवार को हत्या की एक वारदात सामने आई। यहां टेस्टी अंदाज फूड कॉर्नर में काम करने वाले कारीगर अजय दास की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद पूरे बाजार में अफरा-तफरी मच गई। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से स्थानीय दुकानदारों और लोगों में दहशत का माहौल है।

ग्राहक से विवाद के बाद कारीगर पर हमला
मिली जानकारी के अनुसार, टेस्टी अंदाज फूड कॉर्नर में किसी बात को लेकर एक ग्राहक और कारीगर अजय दास के बीच विवाद हो गया था। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया। इसी दौरान आरोपित ने धारदार हथियार से अजय के गले पर हमला कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही गिर पड़ा।

घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने घायल अजय को तत्काल इलाज के लिए पारस अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, चिकित्सकों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
पश्चिम बंगाल के पुरुलिया का रहने वाला था मृतक
बताया गया है कि मृतक अजय दास मूल रूप से पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले का रहने वाला था। वह रांची के धुर्वा स्थित जेपी मार्केट के टेस्टी अंदाज फूड कॉर्नर में कारीगर के रूप में काम करता था।
पुलिस जांच में जुटी, आरोपित की तलाश जारी
घटना की सूचना मिलते ही धुर्वा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस आरोपित की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
फिलहाल हत्या के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस दुकान में ग्राहक और कारीगर के बीच हुए विवाद समेत सभी पहलुओं की जांच कर रही है। इस घटना के बाद जेपी मार्केट के दुकानदारों और स्थानीय लोगों में भय का माहौल है।


