धनबाद: रेलवे में बिना टिकट और निर्धारित नियमों के विरुद्ध यात्रा करने वालों पर लगाम लगाने के लिए धनबाद रेल मंडल की ओर से मंगलवार को विशेष टिकट जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान रेलवे की जांच टीम ने कुल 461 यात्रियों को पकड़ा। इनसे जुर्माने के तौर पर 4 लाख 16 हजार 650 रुपये की वसूली की गयी।
टिकट काउंटरों पर बढ़ी यात्रियों की भीड़
रेलवे के इस विशेष अभियान का असर विभिन्न स्टेशनों पर भी देखने को मिला। अनारक्षित टिकट काउंटरों पर टिकट लेने वाले यात्रियों की भीड़ बढ़ गयी। जांच के दौरान पकड़े गये यात्रियों को भविष्य में वैध टिकट लेकर ही रेल यात्रा करने की हिदायत दी गयी।
आगे भी जारी रहेगा टिकट जांच अभियान
पूर्व मध्य रेल के धनबाद मंडल ने स्पष्ट किया है कि यात्रियों की सुविधा और रेलवे के राजस्व की सुरक्षा के उद्देश्य से इस तरह के जांच अभियान आगे भी चलाये जाते रहेंगे।
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि स्टेशन परिसर और प्लेटफॉर्म पर प्रवेश करने से पहले वैध टिकट जरूर लें। साथ ही जिस श्रेणी का टिकट लिया गया है, उसी श्रेणी में यात्रा करें। नियमों का उल्लंघन करने पर रेलवे की ओर से जुर्माना लगाया जा सकता है।


