

यह धरना सरदार मुंडा/नाया/डाकुआ हातु स्वशासन व्यवस्था, पूर्वी सिंहभूम की ओर से आयोजित किया गया। संगठन ने इस संबंध में धालभूम अनुमंडल पदाधिकारी से प्रशासनिक अनुमति भी मांगी थी। आयोजकों के अनुसार, कार्यक्रम में करीब 500 लोगों के शामिल होने की संभावना जतायी गयी थी।
लंबे समय से की जा रही है प्रतिमा स्थापना की मांग
संगठन की ओर से 3 नवंबर 2026 को भेजे गये आवेदन में कहा गया है कि भूमिज विद्रोह (1832-33) के महानायक वीर शहीद गंगा नारायण सिंह की प्रतिमा टीसीसी, सोनारी परिसर में स्थापित करने की मांग लंबे समय से की जा रही है।
इस संबंध में पूर्व में पोटका विधायक और बीजीपीसीएस टाटा स्टील लिमिटेड को भी लिखित आवेदन देकर पहल करने का अनुरोध किया गया था। हालांकि, संगठन का आरोप है कि अब तक इस दिशा में कोई ठोस पहल नहीं हुई है। इससे भूमिज समाज के लोगों में निराशा और असंतोष है।
आदिवासी समाज के संघर्ष और बलिदान को मिले सम्मान
आवेदन में कहा गया है कि वीर शहीद गंगा नारायण सिंह ने अंग्रेजी शासन के खिलाफ ऐतिहासिक भूमिज विद्रोह का नेतृत्व किया था। उन्होंने आदिवासी समाज के स्वाभिमान, अधिकार और स्वतंत्रता की रक्षा के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया था।
संगठन का मानना है कि सोनारी स्थित टीसीसी जैसे महत्वपूर्ण आदिवासी सांस्कृतिक केंद्र में उनकी प्रतिमा स्थापित होने से भूमिज समाज की ऐतिहासिक पहचान और गौरव को उचित सम्मान मिलेगा। साथ ही, आने वाली पीढ़ियों को उनके संघर्ष और बलिदान से प्रेरणा मिलेगी।
ये हैं भूमिज समाज की प्रमुख मांगें
धरना-प्रदर्शन के माध्यम से संगठन ने टाटा स्टील फाउंडेशन और संबंधित प्रबंधन के सामने कई मांगें रखीं। इनमें प्रमुख रूप से
- टीसीसी, सोनारी परिसर में वीर शहीद गंगा नारायण सिंह की प्रतिमा स्थापित करने की सहमति दी जाए।
- प्रतिमा स्थापना को लेकर जल्द सकारात्मक निर्णय लिया जाए।
- स्थापना की प्रक्रिया शुरू करने के लिए समयबद्ध कार्ययोजना तैयार की जाए।
- प्रतिमा स्थापना के लिए आवश्यक स्थल, अनुमति, बजट और अन्य औपचारिकताएं पूरी की जाएं।
- टीसीसी परिसर में गंगा नारायण सिंह के जीवन, संघर्ष और 1832-33 के भूमिज विद्रोह से जुड़ी ऐतिहासिक जानकारी प्रदर्शित की जाए।
सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक प्रस्तावित था धरना
संगठन की ओर से धरना-प्रदर्शन का समय सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक निर्धारित किया गया था। इसके लिए टाटा स्टील फाउंडेशन के ट्राइबल कल्चरल सेंटर, सोनारी परिसर अथवा टाटा स्टील के प्रबंध निदेशक कार्यालय के सामने स्थान प्रस्तावित किया गया था।
आयोजकों ने कार्यक्रम को शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से आयोजित करने तथा धरना समाप्त होने के बाद अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपने की योजना बनायी थी।


