

जानकारी के अनुसार, 16 नवंबर की रात करीब 3:30 बजे दो युवक स्कूल के बाल उद्यान परिसर में विद्युत तार चोरी कर रहे थे। इसी दौरान आसपास के मोहल्ले के लोगों की नजर उन पर पड़ गई।
स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों युवकों को पकड़ लिया और तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी। मौके पर पहुंची नगर थाना पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया।
गिरफ्तार युवकों की पहचान गंगटा काली मंदिर निवासी प्रमोद दास के पुत्र और गंगटा खुर्द निवासी मोहम्मद अब्दुल कलाम के पुत्र जमील अंसारी के रूप में हुई है।
लेकिन इस मामले में एक तीसरे युवक का नाम भी सामने आया है।
पुलिस को करीब 22 वर्षीय मुजम्मिल मियां उर्फ पुतुल अंसारी की संभावित संलिप्तता की जानकारी मिली है। वह असनबनी के पोस्टमार्टम रोड का रहने वाला बताया गया है। फिलहाल पुलिस उसकी भूमिका की जांच कर रही है।
वहीं, पुलिस ने आरोपियों के पास से एक काले रंग का अल्टरनेटर, दो सेल्मर, चार स्टील रेंच, एक स्लाइड रेंच, एक एसी कंप्रेसर, करीब 400 ग्राम तांबे की सामग्री, एक एसी कॉयल, एसी आउटडोर का कटा हुआ हिस्सा, पेचकस और अन्य विद्युत सामग्री बरामद की है।
गोड्डा पुलिस का कहना है कि जिले में चोरी और संपत्ति से जुड़े अपराधों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
फिलहाल दो युवकों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और तीसरे संदिग्ध की भूमिका भी खंगाली जा रही है।


