Ranchi News: आदिवासी नेत्री निशा भगत की आत्महत्या के मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने जांच तेज कर दी है। मंगलवार को लगातार दूसरे दिन सीबीआई की टीम रांची में मौजूद रही। इस दौरान जांच अधिकारियों ने पिठोरिया थाना क्षेत्र के डहू टोली स्थित घटनास्थल का निरीक्षण किया और पूरी घटना को री-क्रिएट कर साक्ष्य जुटाने का प्रयास किया।

फेसबुक लाइव के दौरान कमरे में अकेली थीं निशा
जांच के दौरान सामने आया है कि फेसबुक लाइव के समय निशा भगत कमरे में अकेली थीं। प्रारंभ में आशंका जताई जा रही थी कि घटना के वक्त कमरे में कोई अन्य व्यक्ति मौजूद हो सकता है। हालांकि, क्राइम सीन री-क्रिएशन में ऐसी पुष्टि नहीं हुई। बताया जा रहा है कि फंदा लगाने के दौरान शरीर के झूलने और मोबाइल से टकराने के कारण फोन नीचे गिर गया, जिससे फेसबुक लाइव बंद हो गया।

दोनों आरोपियों के मोबाइल फोन जब्त
सीबीआई ने मामले में नामजद आरोपी अजय तिर्की और ज्योत्सना केरकेट्टा के मोबाइल फोन जब्त कर लिए हैं। इसके अलावा निशा भगत से जुड़े महत्वपूर्ण डिजिटल साक्ष्यों को भी सुरक्षित किया गया है। जांच एजेंसी सोशल मीडिया पर दोनों आरोपियों की ओर से दिए गए बयानों की भी पड़ताल कर रही है।
आवाज की होगी फोरेंसिक जांच
सीबीआई सोशल मीडिया पर प्रसारित बयानों की आवाज की फोरेंसिक जांच कराएगी। इसके जरिए यह पता लगाने की कोशिश होगी कि संबंधित आवाजें वास्तव में आरोपियों की हैं या नहीं। डिजिटल साक्ष्यों और आरोपियों के बयानों का मिलान भी किया जाएगा।
गौरतलब है कि 6 नवंबर को निशा भगत ने अपने आवास पर फेसबुक लाइव के दौरान कथित तौर पर आत्महत्या कर ली थी। उनके पिता की शिकायत पर 7 नवंबर को पिठोरिया थाने में अजय तिर्की, ज्योत्सना केरकेट्टा और अन्य के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज हुआ था। सीबीआई ने 14 नवंबर को केस अपने हाथ में लेकर दोबारा दर्ज किया। फिलहाल मामले की जांच जारी है।


