Dhanbad News: छठ महापर्व समाप्त होने के बाद अब दूसरे राज्यों में काम करने वाले लोगों की वापसी शुरू हो गई है। इसके चलते लंबी दूरी की ट्रेनों में यात्रियों की भीड़ काफी बढ़ गई है। हालात ऐसे हैं कि अगले 15 दिनों तक ज्यादातर ट्रेनों में कंफर्म टिकट मिलना मुश्किल हो गया है। हावड़ा-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस जैसी प्रीमियम ट्रेन में भी सेकंड एसी में एक-दो दिन को छोड़कर 1 दिसंबर तक नो रूम की स्थिति बनी हुई है।

स्पेशल ट्रेनों से यात्रियों को राहत देने की कोशिश
यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए रेलवे अलग-अलग रूटों पर स्पेशल ट्रेनें चला रहा है। उत्तर बिहार से दक्षिण भारत जाने वालों के लिए 17 नवंबर को रक्सौल-चर्लपल्ली वनवे स्पेशल ट्रेन चलाई जाएगी। ट्रेन संख्या 05553 रक्सौल से दोपहर 12:40 बजे रवाना होकर बुधवार तड़के 3:15 बजे धनबाद पहुंचेगी। इसके बाद बोकारो, रांची और राउरकेला होते हुए गुरुवार दोपहर 12 बजे चर्लपल्ली पहुंचेगी।

वहीं, 18 नवंबर को दरभंगा-पोत्तनूर स्पेशल ट्रेन भी चलाई जाएगी। ट्रेन संख्या 05591 दरभंगा से सुबह 7:05 बजे खुलेगी और शाम 4:10 बजे धनबाद, 6:20 बजे बोकारो तथा रात 8:30 बजे रांची पहुंचेगी।
मुंबई जाने वाले यात्रियों की बढ़ी परेशानी
दूसरी ओर, मुंबई और आसपास के शहरों में लौटने वाले यात्रियों को सबसे ज्यादा परेशानी हो रही है। धनबाद होकर चलने वाली हावड़ा-मुंबई मेल और धनबाद-लोकमान्य तिलक साप्ताहिक एक्सप्रेस में 30 नवंबर तक लंबी वेटिंग चल रही है। मुंबई के लिए अतिरिक्त स्पेशल ट्रेन नहीं चलाए जाने से यात्रियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।
नवंबर में कई स्पेशल ट्रेनों का विकल्प
रेलवे ने धनबाद-दिल्ली, धनबाद-शकूरबस्ती, धनबाद-सोगरिया, पटना-चार्लपल्ली, पूर्णिया कोर्ट-रांची और अन्य रूटों पर भी स्पेशल ट्रेनें चलाई हैं। इन ट्रेनों का परिचालन नवंबर के अलग-अलग दिनों तक निर्धारित है। यात्रियों को सफर से पहले रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट पर समय और टिकट की उपलब्धता जांचने की सलाह दी जाती है।


