धनबाद : जमशेदपुर के गोपाल मैदान में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान पूर्व विधायक और वरिष्ठ झारखंड आंदोलनकारी सूर्य सिंह बेसरा के साथ कथित मारपीट की घटना ने राजनीतिक हलकों में आक्रोश पैदा कर दिया है। इस घटना पर झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) के केंद्रीय अध्यक्ष सह डुमरी विधायक डॉ. जयराम कुमार महतो ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है।

उन्होंने कहा कि यह विडंबना है कि कथित जमीन और कोयला माफियाओं तथा राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों को सरकारी अंगरक्षक उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जबकि अलग झारखंड राज्य के गठन के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित करने वाले वरिष्ठ आंदोलनकारी सुरक्षा से वंचित हैं।

डॉ. महतो ने कहा कि राजनीति और समाज में विचारों का मतभेद होना स्वाभाविक है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि किसी बुजुर्ग और सम्मानित आंदोलनकारी के साथ बदसलूकी की जाए। जिन लोगों के संघर्ष और बलिदान के कारण आज अलग झारखंड राज्य अस्तित्व में है, उनके सम्मान और स्वाभिमान की रक्षा करना समाज और सरकार दोनों की जिम्मेदारी है।
उन्होंने प्रशासन से पूरे मामले की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। साथ ही घटना में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की बात कही। जेएलकेएम प्रमुख ने सरकार से राज्य के वरिष्ठ आंदोलनकारियों और पूर्व जनप्रतिनिधियों की सुरक्षा एवं सम्मान सुनिश्चित करने के लिए ठोस कदम उठाने की भी मांग की।


