रांची : राजधानी रांची के सर्कुलर रोड स्थित न्यूक्लियस मॉल की 375 करोड़ रुपये में हुई बिक्री के बाद इसके नए मालिक विवेक कुमार सिंह चर्चा में हैं। धनबाद के कारोबारी विवेक कुमार सिंह ने अपनी कंपनी वीए डिस्क्रीट प्राइवेट लिमिटेड के माध्यम से इस बड़े कारोबारी सौदे को अंजाम दिया है। झारखंड के रियल एस्टेट बाजार में इस सौदे को बड़ी डील के रूप में देखा जा रहा है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि आखिर विवेक कुमार सिंह कौन हैं और उनका कारोबारी नेटवर्क क्या है?

उपलब्ध कंपनी रिकॉर्ड के अनुसार, धनबाद में पंजीकृत वीए डिस्क्रीट सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड की स्थापना 8 जनवरी 2025 को हुई थी। कंपनी के निदेशकों में विवेक कुमार सिंह और आरती देवी के नाम दर्ज हैं। कंपनी का पंजीकृत कार्यालय धनबाद में है। कंपनी के उपलब्ध रिकॉर्ड में इसकी अधिकृत और चुकता शेयर पूंजी एक-एक लाख रुपये बतायी गयी है। न्यूक्लियस मॉल की खरीद के बाद विवेक कुमार सिंह का नाम धनबाद के चर्चित कोयला कारोबारी एलबी सिंह के साथ भी जोड़ा जा रहा है। कुछ मीडिया रिपोर्टों में उन्हें एलबी सिंह का बेटा बताया गया है, जबकि कुछ रिपोर्टों में करीबी कारोबारी सहयोगी कहा गया है। हालांकि, इस रिश्ते की स्वतंत्र और आधिकारिक पुष्टि अभी उपलब्ध नहीं है। इसलिए इसे लेकर स्पष्ट जानकारी सामने आना बाकी है।

एलबी सिंह धनबाद में कोयला खनन और आउटसोर्सिंग कारोबार से जुड़े कारोबारी हैं। उनकी कंपनी देव प्रभा बीसीसीएल के लिए कोयला खनन का काम करती है। कोयला कारोबार से जुड़े मामलों में प्रवर्तन निदेशालय की जांच और कार्रवाई को लेकर भी उनका नाम खबरों में रहा है। हालांकि, इन मामलों को विवेक कुमार सिंह से जोड़ने का कोई पुष्ट आधार फिलहाल सामने नहीं आया है।
20 नवंबर 2026 को न्यूक्लियस मॉल की रजिस्ट्री पूरी होने की खबर सामने आयी। रिपोर्टों के अनुसार, मॉल के पूर्व मालिक विष्णु अग्रवाल ने इसकी रजिस्ट्री विवेक कुमार सिंह के नाम करायी। इस सौदे में 15 करोड़ रुपये स्टांप ड्यूटी और 11.25 करोड़ रुपये निबंधन शुल्क के रूप में जमा किये जाने की जानकारी भी सामने आयी है।
न्यूक्लियस मॉल का संचालन फरवरी 2017 में शुरू हुआ था। रांची के प्रमुख व्यावसायिक केंद्रों में शामिल इस मॉल में कई ब्रांडेड शोरूम, खानपान के प्रतिष्ठान और मनोरंजन की सुविधाएं हैं। अब 375 करोड़ रुपये के सौदे के बाद मॉल का स्वामित्व बदल गया है और इसके नए मालिक विवेक कुमार सिंह सुर्खियों में हैं।


