धनबाद : मारपीट हुई, एक पक्ष ने FIR दर्ज कराई और दूसरे पक्ष ने भी जवाबी मुकदमा ठोक दिया। आपसी विवाद में काउंटर केस के जरिए दूसरे पक्ष पर दबाव बनाने और समझौते के लिए मजबूर करने का खेल अब आसान नहीं होगा। धनबाद के एसएसपी प्रभात कुमार ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिया है कि संदिग्ध काउंटर केस के आवेदनों पर सीधे FIR दर्ज न करें। पहले शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच की जाए। इसके लिए अधिकतम 14 दिनों का समय तय किया गया है। जांच में आरोप सही पाए जाने पर ही प्राथमिकी दर्ज होगी, जबकि आरोप निराधार मिलने पर आवेदन खारिज किया जा सकता है।
पुलिस के अनुसार, मारपीट और आपसी विवाद के मामलों में काउंटर केस की शिकायतें ज्यादा आती हैं। कई बार दूसरा पक्ष जवाबी केस दर्ज कराकर वास्तविक पीड़ित पर समझौते का दबाव बनाता है। इससे निर्दोष लोग भी बेवजह कानूनी पचड़े में फंस जाते हैं। पुलिस के आंकड़ों के मुताबिक, धनबाद में हर साल करीब 250 से 300 ऐसे मामले सामने आते हैं। हर केस की जांच और कागजी कार्रवाई से पुलिस पर काम का बोझ बढ़ता है। एसएसपी ने स्पष्ट किया है कि किसी को फंसाने या दबाव बनाने के लिए गलत काउंटर केस दर्ज कराने की कोशिश पर रोक लगाई जाएगी। नई व्यवस्था का मकसद झूठे मुकदमों पर अंकुश लगाना और वास्तविक पीड़ितों को न्याय दिलाना है।

Also read : नौकरी से निकाला तो कंपनी से लिया खूनी इंतकाम! कोयला लदा हाईवा में लगाई आग



