Jamtara News: गोविंदपुर-साहिबगंज हाईवे पर बस और ट्रक की आमने-सामने टक्कर, 7 यात्री घायल

News Aroma Desk
3 Min Read
Jamtara News: गोविंदपुर-साहिबगंज हाईवे पर बस और ट्रक की आमने-सामने टक्कर, 7 यात्री घायल
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now
Jamtara News: गोविंदपुर-साहिबगंज हाईवे पर तेज रफ्तार के कारण एक और सड़क हादसा हो गया। सोमवार दोपहर करीब एक बजे नारायणपुर थाना क्षेत्र के मोहनपुर के पास चांदनी बस और मालवाहक ट्रक के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में बस में सवार सात यात्री घायल हो गए। इनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर किया गया है।

बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त

जानकारी के अनुसार, चांदनी बस (JH 04 N 4480) धनबाद से यात्रियों को लेकर दुमका जा रही थी। इसी दौरान जामताड़ा की ओर से धनबाद जा रहे ट्रक (MH 46 DG 8283) से मोहनपुर के पास उसकी सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद बस में चीख-पुकार मच गई और यात्रियों के बीच अफरा-तफरी फैल गई।

सात यात्री घायल, दो धनबाद रेफर

घटना की सूचना मिलते ही नारायणपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), नारायणपुर पहुंचाया गया। यहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया। गंभीर रूप से घायल मुमताज अंसारी और दिवाकर भंडारी को बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर कर दिया गया।

घायलों में देवलबाड़ी निवासी विनोद दास, धनबाद के पोखरिया निवासी दिवाकर भंडारी, अंकुश कुमार और उनकी तीन वर्षीय बेटी अंशिका कुमारी, सोनरायठाढ़ी निवासी मुमताज अंसारी, दुमका निवासी मरियम मुर्मू और धनबाद निवासी अमित शर्मा शामिल हैं।

बीडीओ और सीओ ने अस्पताल पहुंचकर जाना हाल

हादसे की जानकारी मिलने पर नारायणपुर बीडीओ कमलेश कुमार दास और सीओ देवराज गुप्ता सीएचसी पहुंचे। अधिकारियों ने घायलों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और अस्पताल में मिल रही चिकित्सा सुविधाओं की जानकारी ली। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

गोविंदपुर-साहिबगंज हाईवे पर बढ़ रही दुर्घटनाएं

स्थानीय लोगों के मुताबिक, गोविंदपुर-साहिबगंज हाईवे पर तेज रफ्तार और वाहन चालकों की लापरवाही के कारण लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं। पिछले शनिवार को भी लोहारंगी मोड़ के पास नूरी बस और एक कार की टक्कर हुई थी। हालांकि, उस हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ था। लगातार हो रही दुर्घटनाओं से स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ गई है।

 

Share This Article