लखनऊ : उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) को नया अध्यक्ष मिल गया है। योगी सरकार ने 1995 बैच के आईपीएस अधिकारी आलोक सिंह को आयोग का नया अध्यक्ष नियुक्त किया है। इस संबंध में गुरुवार को नियुक्ति आदेश जारी कर दिया गया।

वर्तमान में आलोक सिंह उत्तर प्रदेश प्रांतीय सशस्त्र कांस्टेबुलरी (PAC) के महानिदेशक (DG) के पद पर तैनात हैं। आयोग के अध्यक्ष की नई जिम्मेदारी संभालने के लिए उन्होंने स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति (VRS) के लिए आवेदन किया है।
जारी आदेश के मुताबिक, आलोक सिंह का कार्यकाल पदभार ग्रहण करने की तिथि से 23 जनवरी 2029 तक रहेगा। गौरतलब है कि आयोग के पूर्व अध्यक्ष संजय श्रीनेत 21 नवंबर को सेवानिवृत्त हो गए थे। उनके रिटायरमेंट के बाद से अध्यक्ष का पद खाली था।


