दिल्ली प्रदेश कांग्रेस ने निकाला ‘संविधान रक्षा मार्च’, मताधिकार की सुरक्षा की मांग

संविधान दिवस पर दिल्ली कांग्रेस ने एसआईआर में कथित अनियमितताओं के खिलाफ संविधान रक्षा मार्च निकाला और मतदाता सूची से नाम हटाने की प्रक्रिया में पारदर्शिता तथा मताधिकार की सुरक्षा की मांग की।

Archana Ekka
4 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

नयी दिल्ली : कांग्रेस की दिल्ली इकाई ने मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) में कथित अनियमितताओं के खिलाफ बृहस्पतिवार को ‘संविधान रक्षा मार्च’ निकाला और मताधिकार की सुरक्षा की मांग की। कांग्रेस ने संविधान दिवस के अवसर पर हर प्रदेश में यह मार्च निकालने का फैसला किया है। दिल्ली में यह मार्च दोपहर करीब 12.15 बजे सिविल लाइंस स्थित ट्रॉमा सेंटर के सामने चंदगी राम अखाड़े से शुरू हुआ। इसमें शामिल पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां और पोस्टर लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) तथा निर्वाचन आयोग के खिलाफ नारेबाजी की। दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष देवेंद्र यादव के नेतृत्व में निकाला गया यह मार्च डॉ. आंबेडकर राष्ट्रीय स्मारक पर समाप्त होना प्रस्तावित है।

कांग्रेस का आरोप है कि एसआईआर प्रक्रिया के दौरान वास्तविक मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाए जा रहे हैं। यादव ने भाजपा और निर्वाचन आयोग पर लोगों को उनके मतदान के अधिकार से वंचित करने की कोशिश करने का आरोप लगाया।
यादव ने कहा, ‘‘जीवित मतदाताओं के नाम उन्हें मृत दिखाकर हटाना अलोकतांत्रिक है और लोगों के मतदान के अधिकार पर सीधा हमला है।’’ उन्होंने कहा कि एसआईआर प्रक्रिया के तहत वास्तविक मतदाताओं के नाम मतदाता सूचियों से बाहर किए जाने को लेकर गंभीर चिंताएं हैं और दिल्ली की मसौदा मतदाता सूची से 47.56 लाख नाम गायब हैं। उन्होंने नाम हटाने की प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग करते हुए मृत्यु, पलायन और अन्य कारणों से हटाए गए मतदाताओं का ब्योरा मांगा।

प्रदर्शनकारियों ने कहा कि इस प्रक्रिया का असर किरायेदारों, प्रवासी मजदूरों और अनधिकृत कॉलोनियों तथा झुग्गी बस्तियों में रहने वाले लोगों पर असमान रूप से पड़ सकता है। इनमें से कई लोगों को दस्तावेज संबंधी आवश्यकताओं के कारण अपनी पात्रता साबित करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है। कांग्रेस ने इससे पहले मुस्तफाबाद विधानसभा क्षेत्र के नेहरू विहार वार्ड का मामला उठाते हुए आरोप लगाया था कि वहां फॉर्म-7 के जरिए 75 जीवित मतदाताओं को मृत घोषित कर दिया गया। प्रदर्शनकारियों ने कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच कराने, प्रभावित मतदाताओं के लिए विशेष सुनवाई आयोजित करने और गलत तरीके से नाम हटाने के लिए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

पार्टी कार्यकर्ताओं ने मतदाताओं की पात्रता साबित करने के लिए जन्म प्रमाणपत्र पेश करने की अनिवार्यता पर भी सवाल उठाए। उनका कहना था कि इससे दिल्ली के गांवों में जन्मे ऐसे लोगों को परेशानी हो सकती है, जिनके पास इस तरह के दस्तावेज नहीं हैं। यादव ने कहा, ‘‘सरकारें आती-जाती रहेंगी, लेकिन अधिकारियों को अपना काम ईमानदारी से करना चाहिए।’’
उन्होंने निर्वाचन अधिकारियों से बिना किसी राजनीतिक दबाव के निष्पक्ष होकर काम करने का आग्रह किया।
मार्च में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के संगठन महासचिव के.सी. वेणुगोपाल, कोषाध्यक्ष अजय माकन, दिल्ली कांग्रेस प्रभारी काजी निजामुद्दीन और सह-प्रभारी दानिश अबरार सहित कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए।

Share This Article
अर्चना एक्का को पत्रकारिता का दो वर्ष का अनुभव है। उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत इंटर्नशिप से की। इस दौरान उन्होंने झारखंड उजाला, सन्मार्ग और इम्पैक्ट नेक्सस जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया। इन संस्थानों में उन्होंने रिपोर्टर, एंकर और कंटेंट राइटर के रूप में कार्य करते हुए न्यूज़ रिपोर्टिंग, एंकरिंग और कंटेंट लेखन का अनुभव प्राप्त किया। पत्रकारिता के क्षेत्र में वह सक्रिय रूप से काम करते हुए अपने अनुभव को लगातार आगे बढ़ा रही हैं।