पटना : पूर्णिया से लोकसभा सांसद पप्पू यादव गुरुवार को पटना में आयोजित संविधान रक्षा मार्च में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर का संविधान हिंदुस्तान के प्रत्येक नागरिक को न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व का अधिकार देता है। यही संविधान हमारे लोकतंत्र की आत्मा है और नागरिकों के अधिकारों, सम्मान तथा आवाज़ की रक्षा करता है।

लेकिन आज केंद्र और राज्य की सरकारों द्वारा लगातार संविधान और संवैधानिक मूल्यों पर प्रहार किया जा रहा है। वोट देने, अपने मताधिकार की रक्षा करने और लोकतांत्रिक व्यवस्था में भागीदारी के अधिकार को कमजोर करने की कोशिशें लोकतंत्र के लिए गंभीर खतरा हैं।
श्री यादव ने कहा कि हम ऐसी किसी भी संवैधानिक व्यवस्था से खिलवाड़ के खिलाफ मजबूती से खड़ा हैं। संविधान दिवस के अवसर पर हम संविधान और लोकतंत्र से खिलवाड़ करने वाले मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग करते हैं।
संविधान किसी सत्ता, सरकार या पार्टी की जागीर नहीं, बल्कि देश के प्रत्येक नागरिक का अधिकार और विश्वास है। संविधान बचाना, लोकतंत्र बचाना और जनता के वोट की रक्षा करना हम सबकी जिम्मेदारी है। जय संविधान! जय लोकतंत्र।


