
Godda : गोड्डा जिले के मोतिया ओपी क्षेत्र में महिलाओं के साथ छेड़छाड़ और एक युवक से मारपीट के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार युवक की पहचान 22 वर्षीय रितेश कुमार यादव उर्फ रितेश कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर दो देसी कट्टा और दो जिंदा कारतूस भी बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, घटना 24 नवंबर की है। मोतिया ओपी क्षेत्र के वरण देवबन्धा गांव में कुछ लोग मवेशी चराने जा रही महिलाओं के साथ कथित तौर पर छेड़छाड़ कर रहे थे। इसी दौरान आरोपियों ने रोहित कुमार मंडल से पैसों की मांग की। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई। आरोप है कि इस दौरान देसी कट्टा के बट से हमला कर उसे घायल कर दिया गया।
पांच लोगों के खिलाफ दर्ज हुई थी प्राथमिकी
घटना के बाद पीड़ित रोहित कुमार मंडल ने पुलिस में लिखित शिकायत दर्ज कराई। इसके आधार पर रितेश कुमार यादव समेत पांच लोगों के खिलाफ मोतिया ओपी कांड संख्या 213/26 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, गोड्डा के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम बनाई गई। इसी अभियान के दौरान 26 नवंबर को पुलिस ने रितेश कुमार यादव को गिरफ्तार कर लिया।
हथियार के साथ फोटो-वीडियो बनाने का दावा
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि वह देसी कट्टा के साथ मोबाइल पर फोटो और वीडियो बनाता था। इसके जरिए इलाके में अपना दबदबा कायम करने की कोशिश करता था।
पुलिस का दावा है कि घटना वाले दिन भी उसने अपने साथियों के साथ हथियार का भय दिखाकर रोहित कुमार मंडल से पैसे मांगे थे। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई थी।


