Ranchi News: झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) की फॉरेस्ट रेंज ऑफिसर (FRO) परीक्षा में कथित फर्जीवाड़े का बड़ा मामला सामने आया है। सीआईडी की जांच में खुलासा हुआ है कि मुख्य परीक्षा के बाद करीब 12 अभ्यर्थियों को रांची के रातू रोड स्थित एक बंद मकान में ले जाया गया था। आरोप है कि वहां रातभर किताबों और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) की मदद से उत्तर तैयार कर अभ्यर्थियों की उत्तरपुस्तिकाओं में लिखवाये गये।

इस मामले में गिरफ्तार अभ्यर्थी पंकज प्रसून ने सीआईडी के समक्ष अपने बयान में कथित फर्जीवाड़े की पूरी प्रक्रिया का खुलासा किया है। उसने चयन के लिए पांच लाख रुपये नकद देने की बात भी स्वीकार की है। सीआईडी अब कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर), मोबाइल चैट, डिजिटल साक्ष्य और वित्तीय लेन-देन के आधार पर पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है।
बंद मकान में जुटाये गये थे करीब 12 अभ्यर्थी
सीआईडी की जांच के अनुसार, एफआरओ मुख्य परीक्षा के बाद करीब 12 अभ्यर्थियों को शाम में एक निर्धारित स्थान पर पहुंचने की सूचना दी गयी थी। इसके बाद सभी को रातू रोड स्थित पार्क के पास एक मकान में ले जाया गया। वहां एक कमरे में पंकज प्रसून, ऋतिक रोशन समेत अन्य अभ्यर्थियों को बैठाया गया था।
आरोप है कि कमरे में बड़ी संख्या में किताबें रखी गयी थीं। अभ्यर्थियों के मोबाइल फोन बंद करा दिये गये और उन्हें लैपटॉप उपलब्ध कराया गया। जांच में यह भी सामने आया कि अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा की वास्तविक उत्तरपुस्तिकाएं दी गयी थीं, लेकिन उनमें से पहले पन्ने गायब थे। इसी पन्ने पर परीक्षार्थियों का नाम, रोल नंबर और अन्य विवरण दर्ज होता है।
इसके बाद सामान्य अध्ययन और वैकल्पिक प्रश्नपत्र-1 व 2 के उत्तर किताबों तथा एआई की मदद से तैयार किये गये। आरोप है कि पूरी रात उत्तर लिखने का सिलसिला चलता रहा।
चचेरे भाई के माध्यम से कथित नेटवर्क तक पहुंचा पंकज
गिरफ्तार अभ्यर्थी पंकज प्रसून ने अपने बयान में बताया कि सरकारी अधिकारी बनने के लिए उसने शॉर्टकट का रास्ता अपनाया था। वह अपने चचेरे भाई और सह-आरोपी संजीत कुमार के माध्यम से कथित नेटवर्क तक पहुंचा था। पंकज के अनुसार, संजीत ने उसे भरोसा दिलाया था कि परीक्षा में सफल कराने की जिम्मेदारी रवि मास्टर उर्फ रवि शंकर कुमार और धर्मेंद्र कुमार के नेटवर्क की है।
जांच के अनुसार, प्रारंभिक परीक्षा में मदद के लिए पंकज ने अपने आवेदन और एडमिट कार्ड की प्रति संजीत को सौंपी थी। सीआईडी के मुताबिक, 11 फरवरी 2026 को मुख्य परीक्षा के दौरान कथित योजना को अंजाम दिया गया। अब एजेंसी इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की पड़ताल कर रही है।
करीब 20 घंटे तक बंद रहा मोबाइल फोन
जांच में पंकज प्रसून के मोबाइल फोन की गतिविधियां भी अहम साक्ष्य बनी हैं। सीडीआर के अनुसार, उसका मोबाइल 11 फरवरी को शाम 3:58 बजे बंद हुआ और अगले दिन 12 फरवरी को शाम 5:32 बजे के बाद दोबारा चालू हुआ। इस दौरान करीब 20 घंटे तक मोबाइल बंद रहा।
सीआईडी इस अवधि के दौरान पंकज, संजीत और रवि मास्टर के बीच हुई बातचीत तथा अन्य संपर्कों का विश्लेषण कर रही है। जांच एजेंसी को संदेह है कि इसी दौरान अभ्यर्थियों को रातू रोड स्थित मकान में रखकर उत्तरपुस्तिकाएं भरवायी गयी थीं।
डिलीट व्हाट्सएप चैट और मास्टर लिस्ट से मिले सुराग
पंकज के मोबाइल फोन की जांच में डिलीट किये गये व्हाट्सएप चैट और एक कथित मास्टर लिस्ट भी मिली है। जांच एजेंसी के अनुसार, लेन-देन और संपर्क से जुड़े साक्ष्य मिटाने के लिए चैट डिलीट किये गये थे। हालांकि, डिजिटल जांच और उपलब्ध रिकॉर्ड के आधार पर कई महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आयी हैं।
16 सितंबर 2026 के रिमांड आदेश और कॉल डिटेल रिकॉर्ड के आधार पर सीआईडी को कथित नेटवर्क के संबंध में सुराग मिले हैं। संजीत कुमार की ओर से उपलब्ध करायी गयी एक सूची में पंकज प्रसून का नाम भी दर्ज मिला है। अब एजेंसी इस सूची में शामिल अन्य अभ्यर्थियों और कथित लेन-देन की जांच कर रही है।
JPSC CGL पेपर लीक में भी सामने आया था ऐसा पैटर्न
झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) की सीजीएल-2023 परीक्षा पेपर लीक मामले में भी सीआईडी को इसी तरह का पैटर्न मिला था। सितंबर 2024 में परीक्षा से पहले पटना के एक अपार्टमेंट में 25 से 30 अभ्यर्थियों को जुटाये जाने का मामला सामने आया था। आरोप था कि वहां तीन सेट में प्रश्नों के उत्तर अभ्यर्थियों को याद कराये गये थे। साक्ष्य मिटाने के लिए कागजात जलाने की बात भी जांच में सामने आयी थी।
इस मामले में सीआईडी ने 5200 पन्नों की पूरक चार्जशीट अदालत में दाखिल की है। अब जेपीएससी एफआरओ परीक्षा में सामने आये कथित फर्जीवाड़े ने एक बार फिर झारखंड की प्रतियोगी परीक्षाओं की पारदर्शिता और परीक्षा माफिया के नेटवर्क पर गंभीर सवाल खड़े कर दिये हैं।


