हजारीबाग: जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ उत्पाद विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। शनिवार को चौपारण थाना क्षेत्र के बिहार-झारखंड सीमावर्ती इलाके में छापेमारी कर अवैध रूप से संचालित 12 शराब भट्ठियों को ध्वस्त कर दिया गया। इस अभियान में करीब 500 लीटर तैयार चुलाई शराब जब्त की गई, जबकि शराब बनाने के लिए रखा गया लगभग 34 हजार किलोग्राम जावा-महुआ नष्ट कर दिया गया।
दो राज्यों की टीम ने मिलकर चलाया अभियान
यह कार्रवाई चौपारण की भगहर पंचायत के अम्बातरी और परसातरी इलाके में की गई। हजारीबाग के उपायुक्त के निर्देश पर सहायक आयुक्त उत्पाद की निगरानी में छापेमारी अभियान चलाया गया। इसमें झारखंड के हजारीबाग उत्पाद विभाग के साथ बिहार के गया जिले की उत्पाद विभाग की टीम भी शामिल रही।
संयुक्त टीम ने उन ठिकानों पर छापेमारी की, जहां लंबे समय से अवैध शराब तैयार किए जाने की सूचना थी। मौके पर शराब बनाने के लिए इस्तेमाल की जा रही भट्ठियों को तोड़ दिया गया, ताकि दोबारा वहां उत्पादन शुरू नहीं हो सके।
ड्रमों में भरा मिला हजारों किलो जावा-महुआ
छापेमारी के दौरान बड़ी संख्या में जावा-महुआ से भरे ड्रम बरामद हुए। अधिकारियों के अनुसार, 200 किलोग्राम क्षमता वाले 130 ड्रम और 1000 किलोग्राम क्षमता वाले आठ ड्रमों में किण्वित जावा-महुआ रखा गया था। पूरी सामग्री को मौके पर ही नष्ट करा दिया गया।
इसके अलावा तैयार चुलाई शराब और शराब निर्माण में इस्तेमाल होने वाली सामग्री भी जब्त की गई।
कारोबारियों की पहचान में जुटा विभाग
कार्रवाई के बाद उत्पाद विभाग अब अवैध शराब भट्ठियों का संचालन करने वालों की पहचान करने में जुटा है। संबंधित लोगों के खिलाफ उत्पाद अधिनियम की धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है।
इस पूरे अभियान का नेतृत्व उत्पाद निरीक्षक सौरभ कुमार झा ने किया। वहीं, गया उत्पाद विभाग की ओर से सहायक अवर निरीक्षक अभय यादव सहित दोनों राज्यों के कई अधिकारी और कर्मचारी अभियान में शामिल रहे। संयुक्त कार्रवाई के बाद सीमावर्ती इलाके में अवैध शराब कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप है।


