झारखंड विधानसभा : हंगामे के बाद विधानसभा की कार्यवाही स्थगित

Digital News
4 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची: झारखंड विधानसभा का मानसून सत्र आखिरी और पांचवें दिन गुरुवार को भी हंगामेदार रहा।

गुरुवार को सदन की कार्यवाही जैसे ही 11:14 पर शुरू हुई भाजपा के विधायक वेल में आकर हंगामा करने लगे।

भाजपा विधायक बुधवार को भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में हंगामा कर रहे थे।

भाजपा विधायक इस दौरान नारेबाजी भी कर रहे थे कि लाठी-गोली की सरकार नहीं चलेगी, हेमंत सरकार हाय-हाय।

इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष रविंद्र नाथ महतो बार-बार भाजपा विधायकों को बैठने का आग्रह करते रहे लेकिन वह नहीं माने।

इसके बाद विधानसभा अध्यक्ष ने हंगामा होते देख सदन की कार्यवाही 12:45 तक के लिए स्थगित कर दी।

इसके पहले भाजपा के सभी विधायक गले में काली पट्टी बांधकर सदन में पहुंचे थे। भाजपा विधायक लाठीचार्ज पर चर्चा कराने की मांग कर रहे थे।

भाजपा विधायकों के हंगामा को देखते हुए स्पीकर ने भाजपा विधायकों से कहा कि आप जो बोलेंगे वही सही, हम जो बोले वह कहानी, आपका खून खून, मेरा खून पानी। इस दौरान भाजपा विधायक अखबार की प्रतियां सदन में लहरा रहे थे।

स्पीकर ने भाजपा विधायकों से कहा कि आप जो पेपर मुझे दिखाना चाहते हैं, वह पेपर मुझे दें।

इस पर मार्शल ने समाचार पत्र लेकर अध्यक्ष को दिया। स्पीकर ने कहा कि आप लोग टेबल कुर्सी को मत पीटें, आसन के धैर्य की परीक्षा ना लें।

सदन के अंदर भाजपा विधायक अंगूठा दिखाने जैसा काम कर रहे

भाजपा विधायकों के हंगामे और नारेबाजी को देखते हुए संसदीय कार्यमंत्री आलमगीर आलम ने स्पीकर से कहा कि सदन के अंदर भाजपा विधायक अंगूठा दिखाने जैसा काम कर रहे हैं। इसलिए जरूरी है कि विधानसभा अध्यक्ष उन पर कार्रवाई करें।

सत्र के दौरान आजसू विधायक लंबोदर महतो ने अल्प सूचित प्रश्न के तहत सदन में पूछा कि झारखंड में 60 वर्ष से कम और 18 वर्ष से ज्यादा की 20,000 से ज्यादा विधाएं हैं, जिन्हें केंद्र और राज्य सामाजिक सुरक्षा योजना के तहत पेंशन नहीं मिल रहा है।

पूरे राज्य में 60 वर्ष से कम और छह वर्ष से ज्यादा उम्र की 15,000 से ज्यादा दिव्यांग वैसे हैं, जिन्हें केंद्र या राज्य सामाजिक सुरक्षा योजना के तहत पेंशन नहीं मिलता है।

इस पर विभागीय मंत्री जोबा मांझी ने बताया कि इंदिरा गांधी राष्ट्रीय विधवा पेंशन योजना के तहत 269368 और राज्य संचालित मुख्यमंत्री राज्य विधवा पेंशन योजना के तहत 183601 यानी कुल 452969 लाभुकों को पेंशन का लाभ दिया जा रहा है।

वहीं, केंद्र प्रायोजित इंदिरा गांधी राष्ट्रीय दिव्यांग पेंशन योजना के तहत वर्तमान में 26762 और राज्य संचालित स्वामी विवेकानंद निःशक्त स्वावलंबन प्रोत्साहन योजना के तहत 160288 लाभुकों को पेंशन का लाभ दिया जा रहा है।

राज्य की सभी विधवाओं और दिव्यांगों को सामाजिक सुरक्षा प्रदान करने के लिए सरकार गंभीर है।

उल्लेखनीय है कि झारखंड विधानसभा में नमाज के लिए अलग कमरा आवंटन करने के विरोध में बुधवार को भाजपा विधायकों ने विधानसभा का घेराव किया था।

विधानसभा घेराव के लिए जा रहे भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने लाठीचार्ज की थी।

लाठीचार्ज में भाजपा के कई कार्यकर्ता घायल हो गए थे। इसी को लेकर भाजपा विधायक सदन के अंदर हंगामा कर रहे थे।

Share This Article