आमिर खान के फैंस के लिए आने वाला समय बेहद खास हो सकता है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, अभिनेता की फिल्म ‘ललकारा’ को लेकर मेकर्स ने शूटिंग का प्लान तैयार कर लिया है. फिल्म की शूटिंग अक्टूबर से शुरू करने की योजना है और कोशिश है कि मार्च 2027 तक फिल्म का ज्यादातर हिस्सा शूट कर लिया जाए.
दिसंबर 2027 में रिलीज का लक्ष्य
‘ललकारा’ को लेकर मेकर्स की नजर दिसंबर 2027 की रिलीज पर है. फिल्म की रिलीज को 1952 की मशहूर टेस्ट सीरीज की 75वीं वर्षगांठ से जोड़ने की योजना बताई जा रही है. ऐसे में फिल्म की कहानी और रिलीज डेट के बीच एक खास ऐतिहासिक कनेक्शन देखने को मिल सकता है.
आमिर पढ़ेंगे ‘3 इडियट्स सीक्वल’ की स्क्रिप्ट
इस बीच आमिर खान की सबसे चर्चित फिल्मों में शामिल ‘3 इडियट्स’ के सीक्वल को लेकर भी बड़ा अपडेट सामने आया है. रिपोर्ट्स के अनुसार, आमिर फरवरी 2027 तक फिल्म के सीक्वल का ड्राफ्ट पढ़ना चाहते हैं. स्क्रिप्ट पसंद आने और बाकी चीजें सही रहने पर फिल्म की शूटिंग अप्रैल 2027 के आसपास शुरू हो सकती है.
3 इडियट्स’ की वापसी से बढ़ेगी एक्साइटमेंट
राजकुमार हिरानी के निर्देशन में बनी ‘3 इडियट्स’ साल 2009 में रिलीज हुई थी और आमिर खान, आर. माधवन और शरमन जोशी की तिकड़ी ने दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाई थी. ऐसे में इसके सीक्वल की खबर लंबे समय से फैंस के बीच उत्सुकता पैदा करती रही है. हालांकि, नए प्रोजेक्ट को लेकर आधिकारिक घोषणा का इंतजार है.
2027 आमिर के लिए हो सकता है खास
अगर दोनों प्रोजेक्ट तय योजना के मुताबिक आगे बढ़ते हैं, तो 2027 आमिर खान के करियर का बेहद व्यस्त साल हो सकता है. एक ओर ‘ललकारा’ की शूटिंग और रिलीज की तैयारी होगी, वहीं दूसरी तरफ ‘3 इडियट्स सीक्वल’ पर काम शुरू होने की संभावना है. अब फैंस की नजरें दोनों फिल्मों से जुड़े आधिकारिक अपडेट पर हैं.


