
चेन्नई: अखिल भारतीय अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (अन्नाद्रमुक) के नेता आर. बी. उदयकुमार ने मंगलवार को तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय पर तंज कसते हुए पूछा कि वह कई फिल्मों में उनके साथ काम कर चुकीं अभिनेत्री त्रिशा को उपमुख्यमंत्री कब बनाएंगे।
हालांकि, जिन लोगों को उन्होंने निशाना बनाया, उनकी ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है। वायरल हुए वीडियो में पूर्व मंत्री को यह कहते सुना जा सकता है कि तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) सरकार मुख्यमंत्री के करीबी लोगों को विभिन्न सरकारी पदों पर नियुक्त कर रही है। उन्होंने विशेष रूप से उन निर्माताओं और तकनीकी दल के सदस्यों का जिक्र किया, जिन्होंने उनकी फिल्मों में काम किया है।
उदयकुमार ने उनलोगों के नाम गिनाए, जिन्हें मंदिर ट्रस्टी, नयी दिल्ली में तमिलनाडु सरकार के विशेष प्रतिनिधि, मुख्यमंत्री के निजी सचिव, राज्य फिल्म प्रशिक्षण संस्थान के प्रमुख और सरकारी सलाहकार जैसे पदों पर नियुक्त किया गया है।
उन्होंने व्यंग्यात्मक लहजे में पूछा कि त्रिशा को उपमुख्यमंत्री कब नियुक्त किया जाएगा।

