रांची से दिल्ली जा रही एयर एंबुलेंस दुर्घटनाग्रस्त, सभी सातों लोगों की मौत

Neeral Prakash
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

खराब मौसम के कारण हुआ हादसा

दुर्घटनाग्रस्त विमान रेडबर्ड एयरवेज प्राइवेट लिमिटेड का बीचक्राफ्ट C90 एयरक्राफ्ट VT-AJV था

रांची: झारखंड के रांची से सात लोगों को दिल्ली ले जा रही एक एयर एंबुलेंस सोमवार (23 फरवरी) को चतरा जिले के सिमरिया के पास एक वनक्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इससे उसमें सवार सातों लोगों की मौत हो गई। यह रेडबर्ड एयरवेज प्राइवेट लिमिटेड का बीचक्राफ्ट C90 एयरक्राफ्ट VT-AJV था, जो रांची-दिल्ली सेक्टर पर मेडिकल इवैक्युएशन (एयर एम्बुलेंस) फ्लाइट चला रहा था। एयरक्राफ्ट ने 19.11 IST पर रांची से उड़ान भरी थी। इस पूरे मामले में डायरेक्टरेट जनरल ऑफ सिविल एविएशन (DGCA) और AAIB की टीम जांच कर रही है।

चतरा की उपायुक्त कीर्तिश्री जी. ने बताया कि एयर एम्बुलेंस में सवार सभी सात लोगों की दुर्घटना में मौत हो गई। विमान रांची से दिल्ली जा रहा था। उन्होंने कहा कि यह आंधी-तूफान की वजह से क्रैश हुआ। डॉक्टरों की टीम ने उन्हें मृत पाया। कुल 7 लोग मारे गए हैं। दो क्रू मेंबर थे। बाकी 5 एक मरीज और मरीज के परिवार के सदस्य थे। एसडीपीओ शुभम खंडेलवाल ने बताया कि सभी सात लोगों के शव बरामद कर लिये गए हैं। उनकी पहचान कैप्टन विवेक विकास भगत, कैप्टन सवराजदीप सिंह, संजय कुमार, डॉ. विकास कुमार गुप्ता, सचिन कुमार मिश्रा, अर्चना देवी और धुरु कुमार के रूप में हुई है।

सूत्रों ने बताया कि जिस एयरक्राफ्ट में यह हादसा हुआ, वह एक एयर एम्बुलेंस थी। उसे रेडबर्ड एयरवेज रांची और दिल्ली के बीच चलाती थी। डायरेक्टरेट जनरल ऑफ़ सिविल एविएशन (DGCA) ने कहा कि एक सर्च और रेस्क्यू टीम मौके पर है। साथ ही AAIB टीम को जांच के लिए भेजा जा रहा है। अधिकारियों ने बताया कि यह एयरक्राफ्ट रांची एयरपोर्ट से रेगुलर मेडिकल इवैक्युएशन फ्लाइट्स चला रहा था।

Share This Article