आजसू ने जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम से लोकभवन तक विशाल पैदल मार्च निकाला

Archana Ekka
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची : जेपीएससी, जेएसएससी, छात्रवृत्ति और राज्य की बदहाल शिक्षा व्यवस्था के विरोध में गुरुवार को अखिल झारखंड छात्र संघ एवं युवा आजसू के नेतृत्व में रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम से लोकभवन तक विशाल पैदल मार्च निकाला गया। इस दौरान हजारों छात्र-छात्राओं ने राज्य सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन करते हुए युवाओं के भविष्य से हो रहे खिलवाड़ पर अपना आक्रोश व्यक्त किया।

झारखंड गठन के 25 वर्ष पूरे होने के बावजूद राज्य के लाखों युवा आज भी रोजगार, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के लिए संघर्ष करने को विवश हैं। प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार हो रही अनियमितताएं, प्रश्नपत्र लीक, परीक्षाओं का रद्द होना, परिणामों में अत्यधिक विलंब, नियुक्ति प्रक्रिया की सुस्ती तथा छात्रवृत्ति वितरण में भारी लापरवाही ने युवाओं का विश्वास डगमगा दिया है। यह स्थिति किसी भी युवा राज्य के भविष्य के लिए अत्यंत चिंताजनक है। आजसू छात्र संघ और युवा आजसू ने स्पष्ट संदेश दिया कि युवाओं के अधिकारों, पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया, समयबद्ध नियुक्ति, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा तथा छात्रहितों की रक्षा के लिए संघर्ष निरंतर जारी रहेगा।

इस अवसर पर गोमिया के पूर्व विधायक डॉ. लम्बोदर महतो, आजसू पार्टी के केंद्रीय महासचिव संजय मेहता, आजसू छात्र संघ के प्रदेश अध्यक्ष ओम वर्मा, कार्यकारी अध्यक्ष बबलू महतो, वरीय उपाध्यक्ष ऋतुराज शाहदेव, रांची महानगर अध्यक्ष अमन साहू जी, युवा आजसू के रांची महानगर अध्यक्ष श्री अमित यादव, छात्र नेता जमाल गद्दी तथा आजसू छात्र संघ के रांची जिला अध्यक्ष राजकिशोर महतो जी सहित अनेक सम्मानित पदाधिकारियों ने कार्यक्रम को संबोधित किया और छात्र-युवा आंदोलन को और मजबूत बनाने का आह्वान किया। इस कार्यक्रम में मुख्य रूप से प्रताप सिंह, चेतन सिंह, अजीत कुमार, अभिषेक राज, राजेश सिंह, सक्षम झा, रोशन नायक, दीपक महतो, उज्ज्वल महतो, राज दुबे, अब्दुल खान, अभिषेक महतो, रोशनी मुंडा, रवि रोशन इत्यादि लोग उपस्थित थे।

Share This Article
अर्चना एक्का को पत्रकारिता का दो वर्ष का अनुभव है। उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत इंटर्नशिप से की। इस दौरान उन्होंने झारखंड उजाला, सनमार्ग और इम्पैक्ट नेक्सस जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया। इन संस्थानों में उन्होंने रिपोर्टर, एंकर और कंटेंट राइटर के रूप में कार्य करते हुए न्यूज़ रिपोर्टिंग, एंकरिंग और कंटेंट लेखन का अनुभव प्राप्त किया। पत्रकारिता के क्षेत्र में वह सक्रिय रूप से काम करते हुए अपने अनुभव को लगातार आगे बढ़ा रही हैं।