भोजपुरी अभिनेत्री अक्षरा सिंह ने अपनी आगामी फिल्म ‘वेलकम टू द जंगल’ के एक प्रमोशनल कार्यक्रम में अभिनेता अक्षय कुमार के साथ मंच साझा करने के बाद सोशल मीडिया पर भावुक पोस्ट साझा की। उन्होंने इस खास पल को अपने जीवन का सपना पूरा होने जैसा बताया। अक्षरा ने कार्यक्रम की कई तस्वीरें पोस्ट करते हुए लिखा कि कभी वह अक्षय कुमार को बड़े पर्दे पर देखकर तालियां बजाया करती थीं और आज उनके साथ मंच साझा करना उनके लिए बेहद गर्व और खुशी की बात है।

अक्षय की सादगी और विनम्रता ने किया प्रभावित
अक्षरा सिंह ने अपने पोस्ट में लिखा कि पूरी दुनिया अक्षय कुमार की स्टारडम को जानती है, लेकिन उन्हें सबसे ज्यादा उनकी सादगी और विनम्रता ने प्रभावित किया। उन्होंने कहा कि अक्षय की मौजूदगी जितनी प्रभावशाली है, उससे कहीं अधिक खूबसूरत उनकी इंसानियत है। अभिनेत्री ने इस खास मौके के लिए अपने परिवार, प्रशंसकों और शुभचिंतकों का भी दिल से आभार जताया, जिनके प्यार और समर्थन की बदौलत वह इस मुकाम तक पहुंच सकीं।

‘वेलकम टू द जंगल’ में साथ आएंगे नजर
फिल्म ‘वेलकम टू द जंगल’ में अक्षरा सिंह और अक्षय कुमार ‘घिस-घिस-घिस’ गाने में साथ दिखाई देंगे। यह फिल्म लोकप्रिय वेलकम फ्रेंचाइजी की तीसरी किस्त है। फिल्म में सुनील शेट्टी, परेश रावल, जॉनी लीवर, अरशद वारसी, तुषार कपूर, श्रेयस तलपड़े, आफताब शिवदासानी, जैकी श्रॉफ, रवीना टंडन, लारा दत्ता, जैकलीन फर्नांडिस, दिशा पटानी, उर्वशी रौतेला सहित कई बड़े कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। इससे पहले ‘वेलकम’ (2007) और ‘वेलकम बैक’ (2015) दर्शकों का भरपूर मनोरंजन कर चुकी हैं।


