

बॉलीवुड स्टार अजय देवगन एक बार फिर दमदार एक्शन अवतार में बड़े पर्दे पर लौटने के लिए तैयार हैं। अपने पिता और मशहूर एक्शन डायरेक्टर वीरू देवगन की जयंती के अवसर पर उन्होंने अपनी नई फिल्म ‘चौहान’ की घोषणा की। फिल्म का 2 मिनट 24 सेकंड का अनाउंसमेंट टीजर सोशल मीडिया पर रिलीज होते ही चर्चा का विषय बन गया। इससे पहले अजय ‘फूल और कांटे’, ‘सिंघम’ और ‘भोला’ जैसी फिल्मों में अपने एक्शन अंदाज से दर्शकों का दिल जीत चुके हैं।





कश्मीर की पृष्ठभूमि पर आधारित है कहानी
टीजर की शुरुआत कश्मीर के तनावपूर्ण माहौल से होती है, जहां दंगाई सुरक्षाबलों पर पत्थर और हथियारों से हमला करते दिखाई देते हैं। इसी बीच फिल्म के नायक ‘चौहान’ की एंट्री होती है, जिसे देश के दुश्मनों और उग्रवाद की चुनौती का जवाब माना जाता है। अजय देवगन मास्क से आधा चेहरा ढके हुए नजर आते हैं। उनके हाथ में एक बैग है, जिसके ऊपर रखे डेक से अमिताभ बच्चन के मशहूर गीत ‘जुम्मा चुम्मा दे दे’ की धुन सुनाई देती है। यह दृश्य टीजर को और भी प्रभावशाली बनाता है।
डायलॉग ने बढ़ाया फैंस का उत्साह
टीजर के अंत में अजय देवगन का दमदार डायलॉग, “पठानों से कहना, चौहान आ रहा है”, सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस संवाद ने फैंस के बीच फिल्म को लेकर उत्साह कई गुना बढ़ा दिया है। जियो स्टूडियोज और कलर येलो के बैनर तले बन रही इस फिल्म का निर्देशन नीरज यादव कर रहे हैं, जबकि ज्योति देशपांडे, आनंद एल राय और हिमांशु शर्मा इसके निर्माता हैं। ‘चौहान’ 1 अक्टूबर 2027 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
