
Sirka Colliery Firing: रामगढ़ जिले के गिद्दी थाना क्षेत्र अंतर्गत सिरका स्थित सीसीएल के बूम बैरियर पर शनिवार सुबह बाइक सवार दो अज्ञात नकाबपोश अपराधियों ने फायरिंग कर दहशत फैला दी। अपराधियों ने चेकपोस्ट पर तैनात सुरक्षाकर्मियों को धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार, सुबह करीब पांच बजे दो बाइक सवार अपराधी वहां पहुंचे और चेकपोस्ट को निशाना बनाकर दो राउंड फायरिंग की। उस समय सीसीएल सुरक्षा कर्मी अनिल और होमगार्ड जवान चरवा उरांव ड्यूटी पर तैनात थे। गोलीबारी में दोनों बाल-बाल बच गए। घटना के बाद आसपास काम कर रहे मजदूरों और कोलियरी कर्मियों में भय का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, अपराधियों ने फायरिंग के बाद धमकी भरे लहजे में कहा कि “अपने मालिक से बोल देना, मैनेज करके चलेगा।” इसके बाद उन्होंने एक और हवाई फायरिंग की और हथियार लहराते हुए फरार हो गए। घटना को रंगदारी या लेवी वसूली से जोड़कर देखा जा रहा है।
सूचना मिलते ही रामगढ़ डीएसपी और स्थानीय थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। अधिकारियों का कहना है कि अपराधियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।

