
डायरेक्टर नाग अश्विन की महत्वाकांक्षी फिल्म कल्कि 2898 एडी के सीक्वल कल्कि 2 को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। फिल्म से जुड़े सूत्रों के मुताबिक आलिया भट्ट ने हैदराबाद में चल रहे दूसरे शेड्यूल के दौरान कास्ट और क्रू को जॉइन किया। बताया जा रहा है कि वह अपने हिस्से की लगभग पांच दिनों की शूटिंग भी पूरी कर चुकी हैं।
किरदार को रखा गया पूरी तरह गोपनीय
फिल्म की टीम आलिया के किरदार को लेकर पूरी गोपनीयता बरत रही है। मेकर्स नहीं चाहते कि कहानी का सस्पेंस रिलीज से पहले सामने आए। हालांकि, सूत्रों का कहना है कि उनका रोल सिर्फ कैमियो नहीं, बल्कि कथानक को नया और महत्वपूर्ण मोड़ देने वाला होगा। यही वजह है कि उनके हिस्से की जानकारी सीमित लोगों तक ही रखी गई है।
2027 के अंत तक रिलीज की तैयारी
सोशल मीडिया पर चल रही उन अफवाहों को भी खारिज किया गया है जिनमें कहा जा रहा था कि आलिया, दीपिका पादुकोण को रिप्लेस कर रही हैं। सूत्रों के अनुसार दोनों किरदार अलग-अलग हैं। टीम की योजना 2027 के अंत तक फिल्म को सिनेमाघरों में रिलीज करने की है। भारी वीएफएक्स और पोस्ट-प्रोडक्शन को देखते हुए मुख्य शूटिंग अगले साल के मध्य से पहले पूरी करने का लक्ष्य रखा गया है।

