अंकित बालियान हत्याकांड: गायक की पत्नी ने न्याय के लिए ‘करवा चौथ’ का व्रत रखने का ऐलान किया

हरियाणवी गायक अंकित बालियान की पत्नी सीमा ने पति की हत्या के मामले में न्याय की मांग करते हुए करवा चौथ का व्रत रखने का ऐलान किया।

3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

मुजफ्फरनगर (उप्र): हरियाणवी गायक अंकित बालियान की पत्नी सीमा ने घोषणा की है कि वह अपने पति की हत्या के मामले में न्याय की मांग करते हुए इस बार ‘करवा चौथ’ का व्रत रखेंगी। बालियान की अगस्त में शामली जिले में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले के कई आरोपी अब भी फरार बताए जा रहे हैं। परंपरा के अनुसार, करवा चौथ का व्रत मुख्य रूप से पति की लंबी आयु, अच्छे स्वास्थ्य, सुखी वैवाहिक जीवन और अखंड सौभाग्य की कामना के लिए रखा जाता है। बालियान की पत्नी सीमा ने सोमवार को अपने पति के इंस्टाग्राम खाते पर एक पोस्ट के माध्यम से यह घोषणा की। उन्होंने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भी अपील की कि वह इस मामले में हस्तक्षेप करें और कार्रवाई सुनिश्चित करें। पोस्ट में दी गई जानकारी के अनुसार, सभी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से परिवार असंतुष्ट है।

पोस्ट में लिखा गया, “हमारा परिवार ऐसे दर्द से गुजर रहा है, जिसकी भरपाई कोई नहीं कर सकता। एक पत्नी ने अपना जीवनसाथी खो दिया है, एक परिवार ने अपना बेटा खो दिया है और उनके अपने न्याय का इंतजार कर रहे हैं।” पोस्ट में कहा गया, “मुख्यमंत्री जी, आज सवाल सिर्फ अंकित बालियान का नहीं है, बल्कि उस परिवार को न्याय दिलाने का है जिसकी उम्मीदें अब सरकार की कार्रवाई पर टिकी हैं। कृपया हमारे दर्द को समझने की कोशिश करें। अंकित के पिता की हालत गंभीर है। मैं, उनकी पत्नी आपको बताना चाहती हूं कि मैं अपने पति के लिए न्याय की मांग करते हुए इस बार ‘करवा चौथ’ का व्रत रख रही हूं। हमें न्याय चाहिए।”

शामली में इस साल 26 अगस्त को एक जिम से बाहर निकलकर अपनी कार की ओर जा रहे बालियान की अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। पुलिस ने इस मामले में कथित हमलावरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। इनमें से दो आरोपी मोहित और सुमित 31 अगस्त को शामली जिले में पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में मारे गए थे। पुलिस ने फरार आरोपियों सत्यम कादियान, आर्यन और राहुल उर्फ बोलू शाहपुरिया की गिरफ्तारी के लिए सूचना देने पर एक-एक लाख रुपये के इनाम की घोषणा की है। अधिकारियों ने बताया कि फरार आरोपियों के खिलाफ संपत्ति कुर्क करने की कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है, जबकि पुलिस दल उनकी तलाश में जुटे हैं।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।