
इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के फाइनल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने गुजरात टाइटन्स को हराकर लगातार दूसरी बार खिताब अपने नाम कर लिया। अहमदाबाद में खेले गए इस मुकाबले में 156 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए विराट कोहली ने शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया। उन्होंने 42 गेंदों पर नाबाद 75 रन बनाए और टीम को यादगार जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई। इस जीत के साथ आरसीबी ने अपने दबदबे को फिर साबित कर दिया।
स्टेडियम में विराट का हौसला बढ़ाती नजर आईं अनुष्का शर्मा
फाइनल मुकाबले के दौरान बॉलीवुड अभिनेत्री और विराट कोहली की पत्नी अनुष्का शर्मा भी स्टेडियम में मौजूद थीं। मैच के हर अहम पल में वह टीम और अपने पति का उत्साह बढ़ाती दिखाई दीं। जैसे-जैसे आरसीबी जीत के करीब पहुंचती गई, अनुष्का की खुशी भी साफ नजर आने लगी। कैमरों ने कई बार उनके भावुक और उत्साहित रिएक्शन्स को कैद किया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं।
विराट के छक्के पर खुशी से झूम उठीं अनुष्का
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में विराट कोहली के छक्का लगाते ही अनुष्का शर्मा खुशी से उछल पड़ती हैं। वह अपने आसपास बैठे लोगों को गले लगाती हैं, तालियां बजाती हैं और फिर विराट की ओर फ्लाइंग किस भेजती नजर आती हैं। यह खूबसूरत पल फैंस को काफी पसंद आ रहा है। क्रिकेट और बॉलीवुड की इस लोकप्रिय जोड़ी का प्यार एक बार फिर सबके सामने दिखाई दिया।
इंस्टाग्राम पर शेयर किया खास पोस्ट
आरसीबी की जीत के बाद अनुष्का शर्मा ने सोशल मीडिया पर भी अपनी खुशी जाहिर की। उन्होंने विराट कोहली की एक तस्वीर इंस्टाग्राम स्टोरी पर साझा की, जिसमें विराट एक खास टी-शर्ट पहने नजर आ रहे हैं। टी-शर्ट पर लिखा था, “एक बार जीतना अच्छा लगा, आपने इसे दोबारा कर दिखाया।” इसके साथ अनुष्का ने दिल वाला इमोजी जोड़कर अपने पति को बधाई दी।
दिनेश कार्तिक के साथ डांस करते दिखे विराट
खिताब जीतने के बाद विराट कोहली का उत्साह देखते ही बन रहा था। उन्होंने आरसीबी के सपोर्टिंग स्टाफ और पूर्व खिलाड़ी दिनेश कार्तिक को भी जश्न में शामिल किया। दोनों डांस फ्लोर पर जमकर थिरकते नजर आए। इतना ही नहीं, विराट कुछ देर तक अकेले भी डांस करते दिखाई दिए। उनके इन वीडियो को सोशल मीडिया पर लाखों फैंस पसंद कर रहे हैं और लगातार शेयर कर रहे हैं।

