
नई दिल्ली : अरब सागर में तकनीकी खराबी के कारण फंसे एक भारतीय जहाज और उसके चालक दल के लिए पाकिस्तानी नौसेना मददगार बनकर उभरी है। ओमान से भारत आ रहे इस जहाज के चालक दल ने बीच समुद्र में संकट में होने की सूचना दी थी, जिसके बाद पाकिस्तानी अधिकारियों ने मानवीय आधार पर बचाव अभियान चलाकर उन्हें सहायता प्रदान की। सुरक्षा सूत्रों के हवाले से मिली जानकारी के मुताबिक, यह बचाव अभियान तब शुरू हुआ जब मुंबई स्थित समुद्री बचाव और समन्वय केंद्र (MRCC) ने पाकिस्तानी अधिकारियों से संपर्क कर मदद का अनुरोध किया। भारतीय जहाज ‘एमवी गौतम’ (MV Gautam) ओमान से भारत की ओर आ रहा था, तभी इसमें गंभीर तकनीकी खराबी आ गई।
इस जहाज पर कुल 7 चालक दल के सदस्य सवार थे, जिनमें 6 भारतीय और एक इंडोनेशियाई नागरिक शामिल है। पाकिस्तानी नौसेना ने इस ऑपरेशन में पाकिस्तान समुद्री सुरक्षा एजेंसी (PMSA) के साथ मिलकर काम किया। फंसे हुए चालक दल को तत्काल भोजन, चिकित्सा सहायता और अन्य आवश्यक आपातकालीन सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, जहाज की तकनीकी खराबी को दूर करने और उसे सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने के प्रयास अभी भी जारी हैं। यह पहली बार नहीं है जब समुद्र में इस तरह की मानवीय सहायता दी गई हो। इससे पहले पिछले महीने भी पाकिस्तान नौसेना ने अरब सागर में एक संकटपूर्ण कॉल मिलने के बाद एक व्यापारिक जहाज से विदेशी नागरिकों सहित 18 चालक दल के सदस्यों को सुरक्षित बचाया था।

