
नयी दिल्ली : क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन तेंदुलकर और सानिया चंडोक शादी के बंधन में बंध गए हैं। 5 मार्च 2026 को दोनों की शादी मुंबई में धूमधाम से हुई। इस भव्य समारोह में अंबानी परिवार समेत क्रिकेट जगत की कई बड़ी हस्तियों ने पहुंचकर नवदंपति को आशीर्वाद दिया। अर्जुन और सानिया की शादी के वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं।
बताया जा रहा है कि सानिया चंडोक मुंबई के जाने-माने बिजनेसमैन रवि घई की नातिन हैं। शादी में कई दिग्गज मेहमान मौजूद रहे। पूर्व भारतीय कप्तान एमएस धोनी अपनी पत्नी साक्षी के साथ समारोह में पहुंचे। दोनों का वेन्यू के बाहर का वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुआ।
अर्जुन की शादी के समारोह में भारतीय टीम के पूर्व तेज गेंदबाज और मौजूदा चयनकर्ता अजीत अगरकर भी नजर आए। इसके अलावा पूर्व भारतीय कप्तान और पूर्व कोच राहुल द्रविड़ अपनी पत्नी विजेता पेंधारकर के साथ समारोह में शामिल हुए।
क्रिकेट जगत से अजिंक्य रहाणे, अनिल कुंबले, सुरेश रैना वेंकटेश प्रसाद, आकाश चोपड़ा और यूसुफ पठान युवराज सिंह और इरफान पठान जैसे दिग्गज भी समारोह में शामिल हुए।
इस भव्य शादी में बॉलीवुड सितारों ने भी चार चांद लगा दिए। अमिताभ बच्चन और जया बच्चन एक साथ समारोह में पहुंचे। उनके बेटे अभिषेक बच्चन और बहू ऐश्वर्या राय बच्चन भी इस शादी में शामिल हुए। शादी के लिए कई राजनीतिक हस्तियों को भी निमंत्रण दिया गया था। इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गृह मंत्री अमित शाह और कांग्रेस नेता राहुल गांधी का नाम भी शामिल है। कुल मिलाकर अर्जुन तेंदुलकर और सानिया चंडोक की शादी एक भव्य और सितारों से सजी समारोह के रूप में चर्चा में रही, जिसकी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं।

