ईटानगर: प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन एनएससीएन (के-वाईए) और रिवोल्यूशनरी पीपुल्स फ्रंट (आरपीएफ) ने अरुणाचल प्रदेश के चांगलांग जिले में असम राइफल्स के गश्ती दल पर घात लगाकर किए गए हमले की जिम्मेदारी ली है। इस हमले में एक जवान की मौत हो गई और चार अन्य घायल हुए हैं। अधिकारियों ने बताया कि घटना मंगलवार सुबह करीब साढ़े छह बजे भारत-म्यांमा सीमा के पास उस समय हुई, जब जवान उस इलाके में गश्त कर रहे थे जहां बाड़ लगाने का काम चल रहा है।

दोनों संगठनों ने एक संयुक्त बयान में कहा कि उन्होंने नामपोंग के पास तैनात 21 असम राइफल्स के जवानों के खिलाफ यह कार्रवाई की। मृतक जवान की पहचान 42 वर्षीय हवलदार जांखोकाई कुकी के रूप में हुई है। घायल जवानों का अस्पताल में उपचार चल रहा है। चांगलांग के पुलिस अधीक्षक किर्ली पाडु ने मंगलवार को कहा था कि घटना के बाद सुरक्षा बलों ने इलाके में अभियान तेज कर दिया है। अधिकारियों ने बताया कि चांगलांग जिले में भारत-म्यांमा सीमा संवेदनशील बनी हुई है क्योंकि इस क्षेत्र में और अंतरराष्ट्रीय सीमा के पार सक्रिय उग्रवादी समूहों की यहां आवाजाही होती रहती है।


