केंद्र डीजल में भी एथनॉल मिलाने की तैयारी में, अभी नए वाहन न खरीदें लोग : केजरीवाल

अरविंद केजरीवाल ने केंद्र पर डीजल और एटीएफ में एथनॉल मिलाने की तैयारी का आरोप लगाया तथा लोगों से फिलहाल नए पेट्रोल-डीजल वाहन नहीं खरीदने की अपील की।

News Aroma
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

नयी दिल्ली: आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने लोगों से अगले कुछ वर्षों तक नए वाहन नहीं खरीदने की अपील करते हुए बृहस्पतिवार को आरोप लगाया कि केंद्र सरकार डीजल और विमान टर्बाइन ईंधन में एथनॉल मिलाने की योजना बना रही है।
केजरीवाल ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में आरोप लगाया कि ई20 ईंधन व्यवस्था लागू करने के बाद सरकार पेट्रोल में एथनॉल की मात्रा बढ़ाकर 50 प्रतिशत से अधिक करने की योजना बना रही है।
उन्होंने कहा, ‘‘ऐसा पता चल रहा है कि वे पेट्रोल में 50 प्रतिशत से अधिक एथनॉल मिलाने वाले हैं। वे बस माहौल शांत होने का इंतजार कर रहे हैं। उन्होंने पहले आपकी ई0 और ई10 गाड़ियों में जबरन ई20 पेट्रोल डालकर कबाड़ा किया। आज अगर आप नया ई20 वाहन खरीदते हैं तो सरकार कुछ समय बाद उसमें जबरदस्ती ई50 पेट्रोल डालकर उसका कबाड़ा कर देगी।’’
ई20 पेट्रोल का अर्थ ऐसे ईंधन से है जिसमें 20 प्रतिशत एथनॉल और 80 प्रतिशत सामान्य पेट्रोल मिला होता है।
केजरीवाल ने दावा किया कि सरकार जल्द ही डीजल में भी एथनॉल मिलाएगी। उन्होंने लोगों से नए पेट्रोल और डीजल वाहन फिलहाल नहीं खरीदने की अपील की।
उन्होंने एक अन्य पोस्ट में दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार विमान टर्बाइन ईंधन (एटीएफ) में भी एथनॉल मिलाने की योजना बना रही है।
उन्होंने कहा, ‘‘सूत्रों से पता चला है कि मोदी सरकार विमान टर्बाइन ईंधन में एथनॉल मिलाने की योजना बना रही है। विशेषज्ञों का कहना है कि इससे उड़ानों की सुरक्षा गंभीर रूप से प्रभावित हो सकती है।’’
केजरीवाल ने इस महीने की शुरुआत में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को पत्र लिखकर ई20 पेट्रोल लागू किए जाने पर चिंता जताई थी। उन्होंने पेट्रोल पंपों पर शुद्ध पेट्रोल और ई20 ईंधन, दोनों उपलब्ध कराए जाने तथा एथनॉल मिश्रित पेट्रोल की कीमत कम करने की मांग की थी।

Share This Article