
नई दिल्ली : आम आदमीपार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल मंगलवार दोपहर 12 बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आवास तक शांतिपूर्ण मार्च निकालेंगे। पार्टी का कहना है कि मार्च के दौरान E20 पेट्रोल नीति के विरोध में लाखों लोगों के हस्ताक्षर वाला ज्ञापन प्रधानमंत्री को सौंपा जाएगा।
AAP ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा कि केजरीवाल 100 लोगों के प्रतिनिधिमंडल के साथ प्रधानमंत्री आवास तक जाएंगे। पार्टी का आरोप है कि केंद्र सरकार लोगों पर E20 पेट्रोल नीति “जबरन थोप” रही है।
सोमवार को संविधान क्लब के बाहर आयोजित राष्ट्रीय टाउन हॉल कार्यक्रम में केजरीवाल ने कहा कि पेट्रोल में एथेनॉल मिश्रण को लेकर केंद्र सरकार के अलग-अलग मंत्रालय अलग-अलग दावे कर रहे हैं। उनका आरोप था कि E20 नीति पर पर्याप्त अध्ययन नहीं किया गया और इसके कारण वाहनों को नुकसान पहुंच रहा है तथा माइलेज भी कम हो रही है। केजरीवाल ने केंद्र सरकार के सामने तीन मांगें रखीं। उन्होंने कहा कि पेट्रोल पंपों पर E20 और शुद्ध पेट्रोल दोनों का विकल्प उपलब्ध कराया जाए। E20 पेट्रोल की कीमत सामान्य पेट्रोल से कम हो तथा पेट्रोल का दाम 84 रुपये प्रति लीटर से नीचे रखा जाए।
AAP नेता सौरभ भारद्वाज ने भी कहा कि उपभोक्ताओं को यह अधिकार मिलना चाहिए कि वे शुद्ध पेट्रोल लें या एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल।
वहीं, पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस राज्य मंत्री सुरेश गोपी ने कहा कि एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल (EBP) कार्यक्रम चरणबद्ध, वैज्ञानिक रूप से सत्यापित और व्यापक परामर्श के बाद लागू किया गया है। उनके अनुसार, नीति आयोग, ऑटोमोबाइल निर्माता कंपनियों, ऑयल मार्केटिंग कंपनियों (OMCs), ऑटोमोटिव रिसर्च एसोसिएशन ऑफ इंडिया (ARAI), सोसाइटी ऑफ इंडियन ऑटोमोबाइल मैन्युफैक्चरर्स (SIAM), इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ पेट्रोलियम (IIP) और अन्य तकनीकी संस्थानों से विचार-विमर्श के बाद इस नीति को लागू किया गया।

