
रांची: असम विधानसभा चुनाव के लिए वोटिंग 9 अप्रैल को हो रही है और 7 अप्रैल को चुनाव प्रचार का समापन होगा। खबर है कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और उनकी पत्नी, जेएमएम विधायक कल्पना सोरेन समेत पार्टी की टीम 7 अप्रैल की शाम तक रांची लौट आएंगे। हेमंत सोरेन और कल्पना सोरेन 7 अप्रैल को गुवाहाटी पहुंचेंगे और वहां माता कामाख्या के दर्शन करेंगे। इसके बाद दोनों रांची वापस आएंगे। वहीं, मंत्री चमरा लिंडा पड़ोसी राज्य मेघालय में रुककर मतदान के दिन असम में मॉनिटरिंग करेंगे।
असम विधानसभा चुनाव में हेमंत और कल्पना सोरेन ने पार्टी के 18 उम्मीदवारों के समर्थन में कई सभाएं कीं। रविवार को कल्पना सोरेन को कल्ना में सभा करने की अनुमति नहीं मिली थी, जबकि सोमवार को हेमंत सोरेन को रोंगोनदी और चाबुआ विधानसभा क्षेत्रों में सभा करनी थी। प्रधानमंत्री के कार्यक्रम के कारण उनके हेलीकॉप्टर को उड़ान भरने की अनुमति नहीं दी गई।
सभा में जाने की अनुमति न मिलने पर हेमंत सोरेन और कल्पना सोरेन ने मोबाइल फोन के जरिए जनता को संबोधित किया। उन्होंने इसे लोकतंत्र की आवाज दबाने की कोशिश करार दिया। जेएमएम के स्टार प्रचारक के रूप में हेमंत और कल्पना सोरेन ने अलग-अलग सभाओं में आदिवासी वोटरों को ध्यान में रखकर पार्टी उम्मीदवार के लिए वोट मांगा। असम विधानसभा की 126 सीटों पर 9 अप्रैल को मतदान होगा, जबकि पांच राज्यों का चुनाव परिणाम एक साथ 4 मई को आएगा।
