नई दिल्ली : बेंगलुरु पैलेस (Bangalore Palace) का निर्माण 1878 में सेंट्रल हाई स्कूल के प्रिंसिपल रेवरेंड जे. गैरेट ने अपने निजी आवास के रूप में कराया था। बाद में 1870 के दशक में महाराजा चामराजेंद्र वाडियार दशम के संरक्षकों ने इसे खरीदा और एक भव्य शाही निवास के रूप में विकसित किया।

454 एकड़ में फैला यह ऐतिहासिक स्थल इंग्लैंड के विंडसर कैसल से प्रेरित है, जिसमें ट्यूडर और स्कॉटिश गोथिक वास्तुकला की झलक मिलती है। इसके विशाल बगीचों की डिजाइन लालबाग के प्रसिद्ध डिजाइनर जॉन कैमरन ने तैयार की थी।
महल में नक्काशीदार भव्य दरबार हॉल, जीवंत खुला आंगन और मशहूर चित्रकार राजा रवि वर्मा के दुर्लभ चित्रों का संग्रह मौजूद है। कर्नाटक की शाही विरासत को समेटे इस महल के विशाल मैदान अंतरराष्ट्रीय संगीत कार्यक्रमों के लिए भी प्रसिद्ध रहे हैं, जहाँ द रोलिंग स्टोन्स, एरोस्मिथ और आयरन मेडेन जैसे बैंड्स प्रस्तुतियाँ दे चुके हैं।


