
रांची: हेमंत सोरेन से शनिवार को बिरसा कृषि विश्वविद्यालय, रांची के कुलपति डॉ. एस.सी. दुबे ने शिष्टाचार मुलाकात की। यह मुलाकात कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में हुई।
मुलाकात के दौरान कुलपति डॉ. दुबे ने मुख्यमंत्री को विश्वविद्यालय परिसर के बीएयू मैदान में आयोजित होने वाले किसान एग्रीटेक मेला के उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया। किसान एग्रीटेक मेला का आयोजन 14 से 16 मार्च तक किया जाएगा।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों और कृषि क्षेत्र में नई तकनीकों के प्रसार को लेकर भी संक्षिप्त चर्चा हुई। किसान एग्रीटेक मेला में आधुनिक कृषि तकनीक, उन्नत बीज, कृषि यंत्रों और किसानों के लिए उपयोगी नई पहल को प्रदर्शित किया जाएगा।
