रांची : भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने एशियन गेम्स के फ़ाइनल मुक़ाबले में श्रीलंका को 147 रनों के विशाल अंतर से हराकर गोल्ड मेडल अपने नाम कर लिया है। टीम की इस जीत पर बीसीसीएल के स्वतंत्र निदेशक डॉ अरुण उरांव ने पूरी टीम को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि बीते एशियाई खेलों में भारतीय टीम ने 100 से ज्यादा पदक जीते थे। इस बार उम्मीद है कि इससे भी अधिक पदक आएंगे। श्री उरांव ने कहा कि एशियन गेम्स 2026 में यह भारत का पहला स्वर्ण पदक है और इसके लिए पूरी टीम और खिलाडियों की जितनी भी तारीफ की जाए कम है।

गौरतलब है कि मैच में भारत की टीम टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी करने उतरी और 20 ओवरों में सिर्फ़ 3 विकेट खोकर 216 रनों का स्कोर खड़ा किया। स्मृति मंधाना ने शानदार बल्लेबाज़ी करते हुए 79 रनों की पारी खेली। वहीं, शेफ़ाली वर्मा ने 48 रन बनाकर टीम को मज़बूत शुरुआत दी। ऋचा घोष ने 49 रन बनाकर नाबाद रहीं। इसके बाद श्रीलंकाई टीम 217 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी, लेकिन टीम भारतीय गेंदबाज़ों के आगे नहीं टिक पाई। श्रीलंकाई टीम 15.4 ओवर में महज़ 69 रनों पर ऑलआउट हो गई। भारत की ओर से स्पिनर दीप्ति शर्मा ने सबसे ज़्यादा 3 विकेट लिए। उनके अलावा श्रेयंका पाटिल, शेफ़ाली वर्मा और श्री चरणी ने 2-2 विकेट लिए।इस एकतरफ़ा जीत के साथ ही भारतीय महिला टीम ने गोल्ड मेडल जीत लिया।


