फिल्म ‘धुरंधर’ में अक्षय खन्ना का रहमान डकैत का किरदार दर्शकों के बीच खासा चर्चा में रहा। हालांकि, इस भूमिका को निभाने के लिए अक्षय खन्ना शुरुआत में बिल्कुल तैयार नहीं थे। दिलचस्प बात यह है कि जिस किरदार को लेकर वह असमंजस में थे, वही बाद में उनके चर्चित किरदारों में शामिल हो गया।

दो-तीन बड़े सितारों ने कर दिया था मना
कास्टिंग डायरेक्टर मुकेश छाबड़ा ने शेखर सुमन के शो ‘शेखर टुनाइट’ में फिल्म की कास्टिंग से जुड़ा दिलचस्प किस्सा साझा किया। उन्होंने बताया कि इस भूमिका के लिए दो-तीन बड़े सितारों से संपर्क किया गया था, लेकिन उन्होंने इसे करने से इनकार कर दिया था।
मल्टीस्टारर फिल्म को लेकर था संशय
मुकेश छाबड़ा के मुताबिक, कुछ कलाकारों को यह सोचकर संदेह था कि यह एक मल्टीस्टारर फिल्म है। इसके अलावा फिल्म के निर्देशक आदित्य धर ने इससे पहले करीब सात साल से कोई फिल्म नहीं बनाई थी। इन वजहों से कुछ बड़े कलाकार इस प्रोजेक्ट का हिस्सा बनने को लेकर आश्वस्त नहीं थे।
अक्षय ने फोन पर कह दिया- ‘तुम पागल हो गए हो?’
मुकेश ने बताया कि उन्हें शुरू से भरोसा था कि अक्षय खन्ना इस किरदार में कुछ अलग कर सकते हैं। जब उन्होंने अक्षय को रहमान के रोल के लिए फोन किया तो अभिनेता ने कथित तौर पर हैरानी जताते हुए कहा, “तुम क्या पागल हो गए हो? मैं विलेन क्यों बनूंगा?”
पांच मिनट में बदल गया नजरिया
मुकेश छाबड़ा ने आगे बताया कि अक्षय खन्ना का नजरिया कहानी सुनने के बाद तेजी से बदल गया। महज पांच मिनट तक कहानी सुनने के बाद अभिनेता इस किरदार को लेकर सहमत हो गए। इसके बाद उन्होंने रहमान डकैत की भूमिका निभाई, जिसने फिल्म में उनकी मौजूदगी को अलग पहचान दी।


