फिल्मकार सूरज बड़जात्या ने अपनी आगामी फिल्म ‘ये प्रेम मोल लिया’ के प्रमोशन की शुरुआत रविवार रात फिल्म के टाइटल सॉन्ग की लॉन्चिंग से की। सूरज की फिल्मों में अक्सर ‘प्रेम’ किरदार के केंद्र में रहता है। इस बार प्रेम की भूमिका अभिनेता आयुष्मान खुराना निभा रहे हैं। आयुष्मान ने सूरज के साथ काम करना अपने बचपन का सपना बताया।

आयुष्मान ने सुनाया मजेदार किस्सा
आयुष्मान ने कहा कि ‘हम आपके हैं कौन’ देखने के बाद उन्हें प्रेम और हिंदी सिनेमा दोनों से प्यार हो गया था। अब जब सूरज उनके सामने बैठे हैं तो यह सपना पूरा होने जैसा है। उन्होंने शूटिंग का एक मजेदार किस्सा भी सुनाया। आयुष्मान के मुताबिक, सूरज जब वैनिटी में सीन समझाने आते थे तो अपने जूते बाहर उतारकर अंदर आते थे। आयुष्मान उनसे मजाक में कहते थे, ‘सर, कृपया जूते पहनकर आइए’, लेकिन सूरज हर बार जूते उतारकर ही आते थे।
सूरज बोले- यह मेरी सबसे प्रगतिवादी फिल्म
सूरज बड़जात्या ने ‘ये प्रेम मोल लिया’ को अपनी अब तक की सबसे प्रगतिवादी फिल्म बताया। उन्होंने कहा कि फिल्म में आधुनिक विचारों की झलक जरूर है, लेकिन उनके नैतिक मूल्य बरकरार हैं। कहानी में परिवार और रिश्तों को नए नजरिए से दिखाने की कोशिश की गई है।
अलग पीढ़ियों को साथ लाने की कोशिश
सूरज ने कहा कि एक निर्देशक अपनी कहानी के जरिए कुछ कहना चाहता है। इस फिल्म के जरिए उनका संदेश है कि अलग-अलग पीढ़ियां साथ रह सकती हैं। उन्होंने माना कि फिल्म को बेहतर बनाने की कोशिश में वह कभी-कभी खुद अपनी कहानी में उलझ जाते हैं।
हिमेश ने मांगा सातवां गाना
फिल्म में छह गाने हैं, जिन्हें हिमेश रेशमिया ने संगीतबद्ध किया है। हिमेश ने बताया कि उन्होंने सातवां गाना भी तैयार किया है, लेकिन सूरज उसे फिल्म में शामिल करने के लिए तैयार नहीं हैं। कार्यक्रम में हिमेश बार-बार मजाकिया अंदाज में सूरज से गाना लेने की गुजारिश करते नजर आए। मौजूदा संगीत पर उन्होंने कहा कि पहले छह मिनट लंबे गाने भी ब्लॉकबस्टर हुआ करते थे।


