गुवाहाटी: असम के मुख्यमंत्री हिमंता विश्व शर्मा ने मंगलवार को करम पूजा के अवसर पर चाय बागान श्रमिक समुदाय के लोगों को शुभकामनाएं दीं और कहा कि यह त्योहार राज्य की समृद्ध लोक संस्कृति की जीवंत झलक पेश करता है। शर्मा ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि यह त्योहार प्रकृति के प्रति कृतज्ञता, समृद्धि और भाईचारे का संदेश देता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि चाय बागान श्रमिक समुदाय की लोक परंपराओं और आस्था से गहराई से जुड़ा करम पूजा एक पवित्र अनुष्ठान है। उन्होंने कहा, ‘‘ढोल-मृदंग की थाप और झूमर की लय से सजा यह त्योहार हमारी समृद्ध लोक संस्कृति की जीवंत झलक पेश करता है।’’ शर्मा ने कहा, ‘‘करम पूजा के पावन अवसर पर मैं चाय बागान श्रमिक समुदाय के सभी भाई-बहनों और असम के सभी लोगों को हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं।’’ करम पूजा असम के चाय बागान श्रमिक समुदाय द्वारा हिंदू कैलेंडर के भादो (अगस्त-सितंबर) महीने में मनाया जाने वाला पारंपरिक फसल और प्रकृति का त्योहार है।



