चंद्रशेखर ने केरलम में रेलवे पर ‘‘पर्याप्त निवेश नहीं करने’’ को लेकर संप्रग सरकार की आलोचना की

राजीव चंद्रशेखर ने दावा किया कि मोदी सरकार में केरल में रेलवे निवेश 372 करोड़ से बढ़कर 3,795 करोड़ रुपये हुआ, जबकि 20,000 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाएं प्रगति पर हैं।

2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

तिरुवनंतपुरम: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की केरलम इकाई के अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर ने केंद्र की तत्कालीन कांग्रेस नीत संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार की मंगलवार को आलोचना करते हुए कहा कि उस दौरान राज्य से आठ केंद्रीय मंत्री होने के बावजूद केरलम में रेलवे पर पर्याप्त निवेश नहीं किया गया। चंद्रशेखर ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के समर्थन वाली संप्रग सरकार के कार्यकाल में 2014 में केरलम को रेलवे के विकास के लिए केवल 372 करोड़ रुपये मिले थे।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के तहत वित्त वर्ष 2026-27 में केरलम में रेलवे पर निवेश बढ़कर 3,795 करोड़ रुपये हो गया जबकि राज्य से भाजपा का केवल एक सांसद है। उन्होंने कहा, ‘‘यह 10 गुना वृद्धि है।’’ चंद्रशेखर ने कहा कि दक्षिणी राज्य में फिलहाल 20,000 करोड़ रुपये से अधिक की रेलवे परियोजनाओं पर काम जारी है। उन्होंने कहा, ‘‘मोदी जी केवल विकास का वादा नहीं करते बल्कि उसे पूरा भी करते हैं।’’ चंद्रशेखर ने कांग्रेस और माकपा पर ‘‘वोट बैंक की राजनीति’’ जारी रखने का भी आरोप लगाया और दावा किया कि भाजपा नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार सभी मलयालियों के हितों की रक्षा करते हुए विकास कर रही है।

उनकी यह टिप्पणी केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के उस बयान के एक दिन बाद आई है जिसमें उन्होंने कहा था कि केरलम में रेल नेटवर्क के विकास के लिए आवंटित राशि 2014 के 372 करोड़ रुपये से 10 गुना बढ़कर वित्त वर्ष 2026-27 में 3,795 करोड़ रुपये हो गई है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि धन आवंटन में यह वृद्धि दर्शाती है कि केरलम में रेल नेटवर्क के विकास के लिए स्पष्ट रूपरेखा तैयार है।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।