Ayodhya Deepotsav 2026: अयोध्या में दीपोत्सव की भव्य छटा, 56 घाटों पर जले 30 लाख से ज्यादा दीप

News Aroma Desk
2 Min Read
Ayodhya Deepotsav 2026: अयोध्या में दीपोत्सव की भव्य छटा, 56 घाटों पर जले 30 लाख से ज्यादा दीप
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Ayodhya Deepotsav 2026: उत्तर प्रदेश की रामनगरी अयोध्या में दीपोत्सव 2026 का भव्य आयोजन किया गया। सरयू नदी के 56 घाटों पर 30 लाख से अधिक दीप जलाए गए, जिससे पूरी अयोध्या रोशनी से जगमगा उठी। इस खास मौके पर उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और राज्यपाल आनंदीबेन पटेल मौजूद रहीं। सभी ने भगवान राम की आरती की और शोभायात्रा का स्वागत किया।

रामलला की वापसी का दिखाया गया दृश्य

दीपोत्सव के दौरान रामकथा पार्क में त्रेतायुग की झलक पेश की गई। भगवान श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण और हनुमान के स्वरूप पुष्पक विमान के प्रतीक हेलीकॉप्टर से अयोध्या पहुंचे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और अन्य अतिथियों ने उनका स्वागत किया। इसके बाद भगवान राम के प्रतीकात्मक राज्याभिषेक और आरती का आयोजन हुआ। पूरे परिसर में जय श्रीराम के जयकारे गूंजते रहे।

2100 ड्रोन से आसमान में दिखी रामायण

इस बार दीपोत्सव में आधुनिक तकनीक का भी शानदार इस्तेमाल किया गया। करीब 2100 स्वदेशी ड्रोन के जरिए आसमान में रामायण के अलग-अलग प्रसंगों को दिखाया गया। वहीं, 220 टन बालू से तैयार विशाल राम दरबार की प्रतिकृति भी लोगों के आकर्षण का केंद्र रही। लेजर शो और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने आयोजन की भव्यता बढ़ा दी।

21 झांकियों ने दिखाई रामायण की झलक

दीपोत्सव में रामायण के अलग-अलग प्रसंगों पर आधारित 21 आकर्षक झांकियां निकाली गईं। इनमें रावण-जटायु युद्ध सहित कई महत्वपूर्ण दृश्य प्रस्तुत किए गए। साथ ही 151 साल पुरानी साहबगंज रामलीला का भी पहली बार दीपोत्सव में मंचन किया गया। हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के बीच अयोध्या में दीपोत्सव का उत्साह देखने लायक रहा।

Share This Article