Diwali Puja 2026: देशभर में 8 नवंबर यानी रविवार को दिवाली का त्योहार मनाया जाएगा। दिवाली कार्तिक मास के कृष्ण पक्ष की अमावस्या को मनाई जाती है। इसलिए मान्यता है कि, दिवाली के दिन विधि-विधान से पूजा करने और दीपक जलाने से घर में सुख-समृद्धि और खुशहाली की वृद्धि होती है। इस दिन घरों और दुकानों में प्रदोष काल और निशीथ काल में माता लक्ष्मी और गणेश जी की पूजा की जाती है। हालांकि, लक्ष्मी पूजा के समय मूर्ति स्थापना, फूल, दीपक और भोग से जुड़े कुछ नियमों का पालन करना बेहद जरूरी है। आइए जानते हैं, दिवाली पर पूजा करते समय किन बातों का ध्यान रखना जरुरी है।

खंडित मूर्तियों की पूजा भूल के भी ना करें
दिवाली के दिन पूजा के दौरान मां लक्ष्मी और भगवान गणेश की साफ और सही अवस्था वाली मूर्तियां स्थापित करें। पूजा स्थल पर टूटी या खंडित मूर्तियां कभी नहीं रखनी चाहिए, यह अशुभ माना जाता है। पूजा की चौकी पर लाल या पीला कपड़ा बिछाकर ही मूर्तियों को व्यवस्थित तरीके से स्थापित करें।

मां लक्ष्मी को तुलसी के पत्ते भूल से भी ना चढ़ाएं
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, तुलसी भगवान विष्णु को बेहद प्रिय हैं। इसलिए परंपरागत रूप से मां लक्ष्मी की पूजा में तुलसी के पत्ते को नहीं चढ़ाया जाता है। भोग में सात्विक भोजन या पकवान जैसे मिठाई, फल और अन्य भोग लगाए जा सकते हैं।
पूजा में दीया जलाने पहले रखें ध्यान
दिवाली पूजा के समय घी या तेल का दीपक जलाना शुभता का प्रतीक है। कहीं-कहीं लक्ष्मी जी की मूर्ति के दाईं ओर दीपक रखना अच्छा माना जाता है।
लक्ष्मी पूजा में कमल के फूल का विशेष महत्व
लक्ष्मी पूजा में कमल के फूल का विशेष महत्वता है। इसके साथ ही गुलाब और दूसरे ताजे फूल भी पूजा में अर्पित किए जा सकते हैं। पूजा में हमेशा ताजे फूलों का प्रयोग करें।
पूजा में लाल और पीला रंग पहनना शुभ
दिवाली पूजा में लाल और पीले रंग के कपड़े पहनना काफी शुभ होता है। पूजा दौरान चौकी पर भी इन्ही रंगों के वस्त्र बिछाए जाते हैं। पूजा स्थल को साफ-सुथरा होना चाहिए।
भगवान विष्णु की भी करें पूजा
मां लक्ष्मी के साथ भगवान विष्णु का स्मरण करना भी अच्छा माना जाता है। पूजा के समय सबसे पहले गणेश वंदना करें। इसके बाद मां लक्ष्मी की पूजा करें और भगवान विष्णु का ध्यान कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना करें। लक्ष्मी-गणेश की पूजा के बाद देवी-देवताओं की आरती करें और उनको भोग लगाएं। इसके बाद परिजनों और अन्य लोगों में प्रसाद बांटें।
दिवाली पूजा के समय इन बातों का खास ध्यान रखें:
- पूजा स्थल और मूर्तियों को साफ रखें।
- खंडित मूर्तियों की पूजा न करें।
- मां लक्ष्मी को तुलसी के पत्ते न चढ़ाए।
- पूजा में ताजे और खिले फूलों का प्रयोग करें।
- घी के ही दीपक जलाए।


