

धनबाद : बीसीसीएल लोदना क्षेत्र संख्या-10 के बरारी छह नंबर बस्ती के पास गुरुवार को अचानक जमीन धंसने से हड़कंप मच गया। तेज आवाज के साथ जमीन का एक हिस्सा देखते ही देखते धंस गया। सबसे खौफनाक बात यह रही कि धंसी जमीन से धुआं निकलने लगा और कुछ ही देर में आग की लपटें भी दिखाई देने लगीं। घटना के बाद आसपास रहने वाले लोगों में दहशत फैल गई।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, इलाके में जमीन के नीचे लंबे समय से आग और भू-धंसाव की समस्या बनी हुई है। गुरुवार को अचानक हुए नए धंसाव ने एक बार फिर पुराने खतरे को सामने ला दिया है। लोगों को आशंका है कि यदि जमीन के अंदर का धंसाव और आग आगे बढ़ी तो इसका असर आसपास की बस्ती और आवाजाही वाले रास्तों पर भी पड़ सकता है।





