

चतरा : चतरा के सदर थाना क्षेत्र के बरैनी पंचायत के पूरनाडीह गांव से एक दुखद खबर सामने आई है। तड़गू नदी में शुक्रवार को दो मासूम बच्चों के शव मिले हैं। दोनों बच्चों की पहचान अब तक नहीं हो पाई है।





बताया जा रहा है कि शुक्रवार की सुबह तीन बच्चे नदी में नहाने गए थे। नहाने के दौरान दो बच्चे गहरे पानी में चले गए और डूब गए। घटना के बाद तीसरे बच्चे का भी पता नहीं चला कि वह डूब गया या फिर वहां से कहीं और चला गया।
नदी में दो बच्चों के शव देखकर ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने तत्काल सदर थाना पुलिस को मामले की जानकारी दी। जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकालने के साथ दोनों बच्चों की पहचान में लग गई है। साथ ही तीसरे बच्चे की खोज में जुटी है।
घटना के बाद आसपास के गांव के लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। घटनास्थल के पास बच्चों की साइकिल, तीन जोड़ी चप्पल, दो बैग और अन्य सामान मिले हैं। सामान मिलने के बाद पुलिस मामले की छानबीन में लगी है और आसपास के लोगों से पूछताछ भी कर रही है। बच्चों की पहचान करने का प्रयास जारी है।
