


रांची: सुखदेव नगर थाना क्षेत्र के वाल्मीकि नगर में एक 62 वर्षीय महिला से करीब 20 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण ठग लिए गए। घटना 3 सितंबर की सुबह की है। पीड़िता रेणु कुशवाहा ने मामले की शिकायत थाने में दर्ज कराई है। वह एक दिवंगत जेल अधीक्षक की पत्नी हैं। रेणु कुशवाहा के मुताबिक वह 3 सितंबर की सुबह करीब 9 बजे मंदिर में पूजा करने के बाद घर लौट रही थीं। इसी दौरान वाल्मीकि नगर के पास एक अज्ञात व्यक्ति ने उन्हें रोक लिया।





खुद को बताया अयोध्या का पंडित
आरोपी ने खुद को कथित तौर पर अयोध्या का पंडित बताया। बातचीत के दौरान उसने महिला को अपनी बातों में उलझा लिया। उसने भरोसा दिलाया कि वह उनके गहनों पर मंत्र पढ़कर उन्हें सुरक्षित कर सकता है। इसके बाद आरोपी ने महिला से गले की सोने की चेन और हाथ का कंगन उतारने को कहा। उसने दावा किया कि मंत्र पढ़ने के बाद वह सारे गहने वापस कर देगा। उसकी बातों पर भरोसा करके महिला ने अपने सोने के गहने उसे दे दिए।
गहने लेने के बाद आरोपी ने महिला से कहा कि वह 10 कदम आगे जाकर वापस आएं। उसने कहा कि लौटने पर वह उन्हें हनुमान जी के दर्शन कराएगा। महिला जब 10 कदम आगे जाकर वापस लौटीं, तब तक आरोपी गहने लेकर वहां से फरार हो चुका था। काफी देर तक जब वह वापस नहीं आया तो महिला को समझ आया कि वह ठगी का शिकार हो चुकी हैं।
करीब 20 लाख रुपये के थे गहने
पीड़िता की ओर से दिए गए आवेदन के मुताबिक ठगे गए आभूषणों में करीब 50 ग्राम वजन की चार सोने की चूड़ियां, दो सोने की अंगूठियां, करीब 10 ग्राम की सोने की चेन और सोने का लॉकेट शामिल है। पीड़िता ने इन सभी आभूषणों की अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई है।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
सुखदेवनगर थाना प्रभारी सुनील कुशवाहा ने बताया कि पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। इसके साथ ही आरोपी के आने-जाने के रास्ते की भी जांच की जा रही है। पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने और गिरफ्तार करने की कोशिश में जुटी है।
