भगत सिंह के विचारों से ही संभव है शोषणमुक्त समाज : जयशंकर चौधरी

रांची में भगत सिंह शहादत दिवस पर वक्ताओं ने उनके विचारों को आज के समय में प्रासंगिक बताते हुए शोषणमुक्त समाज के निर्माण और युवाओं को प्रेरित करने का आह्वान किया।

Archana Ekka
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Jaishankar Chaudhary Said: ‘भगत सिंह फाउंडेशन’ की ओर से सोमवार को हरमू स्थित भगत सिंह पार्क में शहीद-ए-आजम भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु का शहादत दिवस अत्यंत श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया।

इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में वक्ताओं ने वर्तमान वैश्विक और राष्ट्रीय परिदृश्य में भगत सिंह के विचारों की प्रासंगिकता पर बल दिया।

कार्यक्रम की शुरुआत दोपहर 12 बजे क्रांतिकारी गीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ हुई। देशभक्तिपूर्ण रचनाओं ने पूरे वातावरण को जोश और गौरव से भर दिया। उपस्थित जनसमूह ने शहीदों की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

सभा को संबोधित करते हुए फाउंडेशन के अध्यक्ष जयशंकर चौधरी ने कहा कि आज देश और दुनिया की जो स्थिति है, उसमें किसान, नौजवान, गरीब और मजदूर लगातार पूंजीपतियों के शोषण का शिकार हो रहे हैं।

उन्होंने अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि विश्व स्तर पर अमेरिका आज साम्राज्यवाद और अधिनायकवाद का खूंखार रूप अख्तियार कर चुका है। वेनेजुएला के राष्ट्राध्यक्ष को जबरन पदच्युत करना और ईरान पर किए गए हमले इसके ज्वलंत उदाहरण हैं।

कार्यक्रम में विशिष्ट वक्ता अनुज तिवारी ने इस बात पर जोर दिया कि आज के दौर में भगत सिंह के विचार केवल इतिहास की वस्तु नहीं, बल्कि अन्याय के खिलाफ लड़ने का सबसे बड़ा हथियार हैं। जब तक समाज में शोषण जारी रहेगा, भगत सिंह का इंकलाबी रास्ता ही मानवता को सही दिशा दिखाएगा।

वहीं, कांके विधानसभा से सीपीआई प्रत्याशी संतोष रजक ने युवाओं का आह्वान करते हुए उन्हें भगत सिंह के पदचिन्हों पर चलने और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझने की प्रेरणा दी।

कार्यक्रम में कई गणमान्य एवं प्रतिष्ठित लोग शामिल हुए, जिनमें वार्ड संख्या 26 के पार्षद प्रदीप कुमार, वरिष्ठ कांग्रेस नेता रिंकू वर्मा के नाम शामिल हैं।

Share This Article
अर्चना एक्का को पत्रकारिता का दो वर्ष का अनुभव है। उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत इंटर्नशिप से की। इस दौरान उन्होंने झारखंड उजाला, सनमार्ग और इम्पैक्ट नेक्सस जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया। इन संस्थानों में उन्होंने रिपोर्टर, एंकर और कंटेंट राइटर के रूप में कार्य करते हुए न्यूज़ रिपोर्टिंग, एंकरिंग और कंटेंट लेखन का अनुभव प्राप्त किया। पत्रकारिता के क्षेत्र में वह सक्रिय रूप से काम करते हुए अपने अनुभव को लगातार आगे बढ़ा रही हैं।