कारगिल के वीरों का बलिदान देश के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा : भजनलाल शर्मा

राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने विजय दिवस पर कारगिल शहीदों को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने जवानों के साहस, बलिदान और देश की रक्षा में योगदान को याद किया।

2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

जयपुर: राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने 27वें विजय दिवस के अवसर पर कारगिल युद्ध के शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए रविवार को कहा कि वीरों का बलिदान देश के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। मुख्यमंत्री ने जयपुर स्थित अमर जवान ज्योति स्मारक पहुंचकर राष्ट्र की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर जवानों को पुष्पचक्र अर्पित किया और उन्हें नमन किया।

शर्मा ने कहा, ‘‘कारगिल के वीर सैनिकों का बलिदान देश के लिए सदैव प्रेरणास्रोत बना रहेगा।’’ उन्होंने राष्ट्र की एकता और अखंडता की रक्षा के लिए सैनिकों के साहस, शौर्य और समर्पण को याद किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि कारगिल युद्ध के दौरान भारतीय सेना के जवानों ने अत्यंत विषम परिस्थितियों में अद्वितीय वीरता और अटूट संकल्प का परिचय देते हुए विश्व पटल पर देश का गौरव बढ़ाया। उन्होंने कहा, ‘‘देश अपने सैनिकों और शहीदों के सर्वोच्च बलिदान के लिए सदैव उनका ऋणी रहेगा।’’

मुख्यमंत्री ने सैनिकों, पूर्व सैनिकों और उनके परिजनों के सम्मान तथा कल्याण के प्रति राज्य सरकार की प्रतिबद्धता भी दोहराई। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा, सैनिक कल्याण मंत्री राज्यवर्धन राठौड़, मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास तथा सेना, पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। समारोह के दौरान शहीदों की स्मृति में दो मिनट का मौन रखा गया।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।