बिहार के मुजफ्फरपुर में स्कूल के सामने अज्ञात लोगों ने गोलीबारी की, 50 लाख रुपये मांगे

Archana Ekka
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

मुजफ्फरपुर/हाजीपुर : बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में रविवार सुबह एक निजी स्कूल के सामने मोटरसाइकिल सवार अज्ञात लोगों ने गोलीबारी की और फरार हो गए। वे फिरौती के तौर पर 50 लाख रुपये की मांग करने वाला एक नोट भी छोड़ गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। मुजफ्फरपुर की पुलिस उपाधीक्षक (पश्चिम) सुचित्रा कुमारी ने बताया कि आरोपियों की पहचान के लिए आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

उन्होंने बताया कि पुलिस फिरौती की मांग के साथ-साथ स्कूल से जुड़े संभावित जमीन विवाद के पहलू की भी जांच कर रही है।
अधिकारियों के अनुसार, गोलीबारी से पहले हमलावरों ने स्कूल के मुख्य द्वार पर एक पोस्टर चस्पा किया, जिसमें 50 लाख रुपये की मांग पूरी नहीं करने पर प्रबंधन को “गंभीर परिणाम” भुगतने की चेतावनी दी गई थी। उन्होंने बताया कि स्कूल के सीसीटीवी फुटेज में हेलमेट पहने कुछ मोटरसाइकिल सवार गेट पर फिरौती वाला नोट चिपकाते और कई गोलियां चलाते दिखाई दे रहे हैं।
इस बीच, बिहार के वैशाली जिले में भी अज्ञात हमलावरों ने सदर थाना क्षेत्र के अदलपुर गांव में एक स्थानीय दक्षिणपंथी संगठन के सदस्य के घर पर गोलीबारी की। हालांकि, इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ।

वैशाली के पुलिस अधीक्षक शुभांक मिश्रा ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘शनिवार रात करीब साढ़े नौ बजे मोटरसाइकिल सवार अज्ञात हमलावरों ने राजीव ब्रह्मर्षि के घर पर करीब 10 गोलियां चलाईं। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। मौके से गोलियों के 10 खोखे बरामद किए गए हैं।’’ उन्होंने बताया कि गोलीबारी का कारण अभी स्पष्ट नहीं है।

Share This Article
अर्चना एक्का को पत्रकारिता का दो वर्ष का अनुभव है। उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत इंटर्नशिप से की। इस दौरान उन्होंने झारखंड उजाला, सनमार्ग और इम्पैक्ट नेक्सस जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया। इन संस्थानों में उन्होंने रिपोर्टर, एंकर और कंटेंट राइटर के रूप में कार्य करते हुए न्यूज़ रिपोर्टिंग, एंकरिंग और कंटेंट लेखन का अनुभव प्राप्त किया। पत्रकारिता के क्षेत्र में वह सक्रिय रूप से काम करते हुए अपने अनुभव को लगातार आगे बढ़ा रही हैं।